हिंदी
फतेहपुर जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक के बाद एक हुए सड़क हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया। अहिरंखेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार ट्राला ट्रक में जा घुसी, जिसमें कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ ही दूरी पर उसी ट्राले में पीछे से एक और ट्रक टकरा गया, जिससे उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
फतेहपुर समाचार
Fatehpur: जिले के कल्यानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अहिरंखेड़ा गांव के पास पंडित होटल/ढाबा के सामने प्रयागराज-इटावा मार्ग पर तेज रफ्तार वैगनआर कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्राला ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार चला रहे ऋषि को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक चालक की जान जा चुकी थी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ऋषि के रूप में हुई है, जो वैगनआर कार से प्रयागराज से इटावा की ओर जा रहा था। जैसे ही उसकी कार पंडित ढाबे के सामने पहुंची, संभवतः तेज गति और अचानक ब्रेक लगने के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और ट्राले में जा घुसा।
चंदौली में सरकारी कार्रवाई के दौरान अचानक बिगड़े हालात, मौके पर मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है और ढाबे के आसपास अचानक वाहन रुकने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
इसी ट्राला ट्रक से कुछ ही दूरी पर बड़ोरी टोल प्लाजा के पास एक और सड़क हादसा हो गया। उसी ट्राले में पीछे से आ रहा एक बोगा ट्रक जा घुसा। इस हादसे में बोगा ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
लगातार दो स्थानों पर हुए हादसों से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कल्यानपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएचसी गोपालगंज भेजा, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
बदायूं में सरेआम गोलीकांड से दहशत, दावत से लौट रहे युवक को मारी गोली
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटनाओं के कारणों, तेज रफ्तार और लापरवाही की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और भारी वाहनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।