खुशियों के बीच उठी एक चीख, हर्ष फायरिंग में BJP नेता धर्मेंद्र भाटी ने गवाई जान

बुलंदशहर के खानपुर गांव में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नोएडा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने वाले आरोपी सुग्रीव पर FIR दर्ज की है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 28 November 2025, 1:48 PM IST
google-preferred

Bulandshahr: यूपी के बुलंदशहर जनपद में हर्ष फायरिंग का खतरनाक रूप एक बार फिर सामने आया है। चोला थाना क्षेत्र के गांव खानपुर में एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी की मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और शादी का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।

शादी में शामिल थे भाजपा नेता

जानकारी के अनुसार, ककोड़ थाना क्षेत्र के अजयनगर से दूल्हा शिवम की बारात खानपुर गांव पहुंची थी। बारात की धूमधाम के बीच अचानक कुछ लोगों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। उसी दौरान भाजपा नेता धर्मेंद्र भाटी एक कुर्सी पर बैठे हुए थे कि तभी एक गोली उनके कंधे को चीरती हुई छाती में जा लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फायरिंग करने वाला युवक ताबड़तोड़ कई राउंड चला रहा था। बताया जा रहा है कि वह लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग कर रहा था और उसका नाम सुग्रीव बताया गया है।

नोएडा ले जाते समय बिगड़ी हालत

गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भाजपा नेता को घायल अवस्था में तुरंत नोएडा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कई घंटों तक प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। धर्मेंद्र भाटी की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बुलंदशहर में गैंगस्टर साजिद उर्फ चूमड़ा की 42 लाख की संपत्ति कुर्क, कई जिलों में दर्ज हैं 51 मुकदमे

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही चोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जांच शुरू की।पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले आरोपी सुग्रीव के खिलाफ एफआईआर पंजीकृत की है।

पुलिस के अनुसार, समारोह में मौजूद कई लोग आरोपी की पहचान कर चुके हैं। लाइसेंसी पिस्टल को बरामद करने और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है

बीजेपी नेता की मौत (सोर्स- गूगल)

हर्ष फायरिंग पर पहले से है सख्त कानून

हर साल देशभर में शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग के कारण कई लोग अपनी जान गंवाते हैं। कानून स्पष्ट रूप से कहता है कि किसी भी सार्वजनिक समारोह में हथियार चलाना प्रतिबंधित है। लाइसेंसी हथियार भी हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल करना गैरकानूनी है। दोषी पर हत्या या जानलेवा हमले जैसी धाराओं में कार्रवाई होती है। इसके बावजूद हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद भाजपा नेता के परिवार और समर्थकों में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर्ष फायरिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा लापरवाही कोई न कर सके।

बुलंदशहर में नाबालिग के साथ दरिंदगी: तीन दबंगों पर केस दर्ज, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

समारोह से मातम तक

जश्न के बीच शुरू हुई हर्ष फायरिंग पल भर में एक खुशहाल शादी को मातम में बदल गई। लोग जहां खुशियां मना रहे थे, वहीं देखते ही देखते एक परिवार अपने बेटे को खो बैठा। यह घटना हर्ष फायरिंग के खतरों और गैरजिम्मेदाराना रवैये पर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।

Location : 
  • Bulandshahr

Published : 
  • 28 November 2025, 1:48 PM IST