हिंदी
घटनास्थल
Budaun: बदायूं में एक बार फिर गोलियों की आवाज ने खामोशी तोड़ दी। सहसवान इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक पेट्रोल पंप के मैनेजर को संदिग्ध परिस्थितियों में सीने में गोली लग गई। खून से लथपथ हालत में जब मैनेजर को अस्पताल लाया गया तो हर कोई हैरान रह गया। मामला क्या है, गोली कैसे चली, किसने चलाई या खुद ही चली। इन सवालों के जवाब अभी धुंध में हैं।
घायल पेट्रोल पंप मैनेजर की पहचान राजीव शर्मा के रूप में हुई है। राजीव मूल रूप से दुबारी कलां थाना जुनावई जिला संभल के रहने वाले हैं। बदायूं के सहसवान क्षेत्र में भाजपा के सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के भाई सुभाष चंद्र गुप्ता के पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि वह रोज की तरह सुबह अपने घर से ड्यूटी करने पेट्रोल पंप पहुंचे थे। इसी दौरान संदिग्ध हालात में उनके सीने में गोली लग गई।
Badaun News: बदायूं में पानी की किल्लत ने बढ़ाई परेशान, नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन
गोली लगने की सूचना मिलते ही राजीव शर्मा को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कठेरिया समेत भारी पुलिस फोर्स मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। पूरे अस्पताल परिसर में पुलिस की चहल-पहल और अफसरों की मौजूदगी से माहौल गंभीर बना रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल राजीव शर्मा की जेब से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। इतना ही नहीं, उनके पास एक नाजायज तमंचा भी पड़ा हुआ मिला। गोली सीने में लगने के कारणों को लेकर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। यह आत्मघाती फायर है। हादसा है या किसी और वजह से गोली चली। इस पर अभी कुछ भी साफ नहीं है।
Badaun Accident: बदायूं में दर्दनाक हादसा, मजदूर की मौत, दो घायल; जानिये पूरा मामला
परिजनों ने पुलिस को बताया कि 11 जनवरी को राजीव शर्मा की किसी शराबी व्यक्ति से कहासुनी और लड़ाई हुई थी। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है कि कहीं उसी विवाद का इस घटना से कोई कनेक्शन तो नहीं है।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि राजीव शर्मा के होश में आने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, तभी घटना की असल वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल राजीव शर्मा का इलाज जारी है और पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है।
Location : Badaun
Published : 13 January 2026, 5:11 PM IST
Topics : Badaun Badaun Crime Badaun News Badaun Police