हिंदी
उत्तर प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने लोगों रुटीन प्रभावित कर दिया है। तेज हवाओं, आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जिससे कई जिलों में हलचल बढ़ गई है। आखिर इस बदलाव के पीछे क्या वजह है और किन इलाकों पर सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है?
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img- Internet)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन बदलते मौसम ने परेशानी भी बढ़ा दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर खुले स्थानों से दूर रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि 3 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी जारी रह सकती है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बीते दिनों हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है।
लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार, मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद कुछ समय के लिए मौसम साफ रहेगा। हालांकि, पूर्वी ईरान के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 3 अप्रैल से फिर देखने को मिलेगा। इसके चलते प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है।
बारिश-ओलों का डबल अलर्ट: दिल्ली में बरसात, MP-राजस्थान में ओले; जानें UP-बिहार का मौसम
नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है। रविवार तक कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है और बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं आगरा, कानपुर और वाराणसी में तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। मेरठ और सहारनपुर में तेज आंधी और तूफान का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है, जहां हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। घर से बाहर निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही तेज हवाओं और आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है। अप्रैल के पहले सप्ताह में इस तरह के मौसम परिवर्तन बार-बार देखने को मिल सकते हैं।