हिंदी
भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से कई कीमती सामान बरामद किया है। जनपद में अपराध एवं अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई हुई।
भारत-नेपाल सीमा पर दो तस्कर गिरफ्तार (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Maharajganj: जनपद में अपराध एवं अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास से चोरी के सामान के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी निचलौल बसंत सिंह के पर्यवेक्षण में थाना ठूठीबारी प्रभारी बृजेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग में लगी हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नौतनवा-राजाबारी मार्ग के पास सागौन के बगीचे के नजदीक कच्चे रास्ते पर दबिश दी। मौके से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया गया, जो प्लास्टिक की बोरी और झोले में सामान भर रहे थे।और नेपाल की ओर जाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पुस्तम राज केवट (28 वर्ष) निवासी रामग्राम-10, नवलपरासी, नेपाल और गौरव राज साहनी (19 वर्ष) निवासी गेरवा, नवलपरासी, नेपाल राष्ट्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (नेपाली नंबर) तथा चोरी का सामान बरामद किया। बरामद सामान में एक कम्प्रेसर मशीन, पावर स्प्रेयर, लोहे के पाइप, सरिया व अन्य उपकरण शामिल हैं, जो संबंधित मुकदमे से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त चोरी के सामान को नेपाल ले जाने की फिराक में थे। बरामदगी के आधार पर मुकदमा संख्या 42/26 धारा 331(1), 305, 317(2) BNS के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश कुमार पाण्डेय,उपनिरीक्षक बब्बन प्रसाद वर्मा, कांस्टेबल मृत्युंजय तिवारी, बलवन्त यादव, वैभव यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।इस कार्रवाई से सीमा पार तस्करी पर पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है।