हिंदी
कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं से आस्था के नाम पर खिलवाड़ (Img- Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में श्रद्धालुओं की भक्ति और आस्था को निशाना बनाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। उझानी कोतवाली क्षेत्र के प्रसिद्ध कछला कांवड़ मेला क्षेत्र में 'पार्किंग शुल्क' के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। गश्त पर निकली पुलिस टीम ने बैरियर नंबर दो के पास से दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर इस बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है।
उझानी थाने के उपनिरीक्षक अविनाश पुण्डीर और उनकी टीम जब मेला क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी उन्हें दो युवक बाइक सवार कांवड़ियों को रोककर डराते-धमकाते दिखे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कछला निवासी देवेन्द्र और मिथुन चौहान के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 'जय श्री राधे कृष्णा' लिखी 6 रसीद बुक और 1250 रुपये नगद बरामद किए। ये आरोपी हर बाइक सवार से जबरन 50 रुपये वसूल रहे थे।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे कछला के पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन नरेश यादव, उनकी पत्नी रेखा और 'मोटे' उर्फ उधल के कहने पर यह वसूली कर रहे थे। इसके बदले उन्हें 500-500 रुपये दिहाड़ी मिलती थी। जब पुलिस ने नगर पालिका की अनुमति या पार्किंग लाइसेंस मांगा, तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पैसे न देने पर वे कांवड़ियों को "गाड़ी चोरी करवा देने" की धमकी देते थे। उपनिरीक्षक की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मेले में श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 19 August 2026, 10:05 AM IST
Topics : Budaun News crime news Kanwar Yatra Sawan 2026 UP News