हिंदी
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। उसहैत के ककराला चौराहे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरी चीजों के बढ़ते दामों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी के बीच पुलिस ने जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया, जिन्हें करीब दो घंटे बाद निजी मुचलके पर रिहा किया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और जरूरी वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का प्रयास कर रही है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि महंगाई से त्रस्त जनता के लिए कांग्रेस का संघर्ष और जनहित की यह लड़ाई हर मंच पर लगातार जारी रहेगी।
बदायूं में पैमाइश के दौरान बवाल, पुलिस के सामने लाठी-तलवारें चलीं, 2 घायल
जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि जनता अब भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को पूरी तरह नकार चुकी है और इसका करारा जवाब आने वाले चुनाव में देखने को मिलेगा। सरकार पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस गठबंधन के साथ पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी ताकि जनता के हितों की रक्षा हो सके और लोगों को इस बेतहाशा महंगाई से राहत मिल सके।
Location : Budaun
Published : 10 June 2026, 2:48 PM IST