हिंदी
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों का पेपर कथित तौर पर गूगल मैप की गलत लोकेशन के कारण छूट गया। गाजियाबाद और हापुड़ से आए अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा केंद्र की लोकेशन सर्च करने पर गूगल मैप ने उन्हें मुजफ्फरनगर के बजाय शामली जिले में पहुंचा दिया, जिससे वे समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच सके।
अभ्यर्थियों के अनुसार उनका परीक्षा केंद्र नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित दीपचंद जैन इंटर कॉलेज था। जब उन्होंने मोबाइल पर केंद्र का नाम और कोड डालकर लोकेशन खोजी तो गूगल मैप ने करीब 59 किलोमीटर दूर शामली जिले के चंदेडी गांव की लोकेशन दिखाई। निर्देशों का पालन करते हुए वे वहां पहुंच गए, लेकिन बाद में पता चला कि वास्तविक परीक्षा केंद्र मुजफ्फरनगर में है।
परीक्षा छूटने के बाद नाराज अभ्यर्थी जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। उनका कहना है कि गलत लोकेशन की वजह से उनका भविष्य प्रभावित हुआ है। अभ्यर्थियों ने यह भी दावा किया कि वहां अन्य कई छात्र भी इसी समस्या का शिकार हुए।
राम मंदिर दानपात्र गबन मामले पर हरकत में ट्रस्ट, नृपेंद्र मिश्र का अचानक अयोध्या दौरा
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों की शिकायत प्राप्त कर उन्हें आश्वासन दिया कि मामले से भर्ती बोर्ड को अवगत कराया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि आगे बोर्ड से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
भटनी पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित आरोपी, POCSO एक्ट और BNS की धाराओं में दर्ज था मामला
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि चार अभ्यर्थियों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की तकनीकी जांच कराई जा रही है और गूगल से भी इस संबंध में जानकारी मांगी जाएगी कि संबंधित केंद्र की लोकेशन गलत क्यों दिखाई जा रही थी। उन्होंने बताया कि इसी केंद्र पर पिछली पालियों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक परीक्षा दी है। साथ ही सुझाव दिया गया है कि भविष्य में परीक्षा केंद्रों के लिए क्यूआर कोड या आधिकारिक मैप लिंक उपलब्ध कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को परेशानी न हो।
Location : Muzaffarnagar
Published : 10 June 2026, 6:03 PM IST