हिंदी
अरिल नदी में नहाने गए 5 युवक डूबे
Budaun: जिले में जलस्तर बढ़ने के दो दिन बाद मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिसौली कोतवाली क्षेत्र से गुजर रही अरिल नदी में नहाने गए 5 युवकों में से एक 17 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। राहगीरों और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद 4 युवकों को बचा लिया गया, जबकि गहरे पानी में डूबे मोहित का शव घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बिसौली क्षेत्र के कुछ युवक मंगलवार शाम को अरिल नदी में नहाने गए थे। दो दिन पहले हुई बारिश के कारण नदी का जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ था। नहाते समय अचानक सभी युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
नदी किनारे मौजूद राहगीरों ने शोर सुना तो तुरंत पानी में कूदकर बचाव शुरू किया। उनकी मदद से 4 युवकों को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया। लेकिन इस दौरान 17 वर्षीय मोहित तेज बहाव में बहकर गहरे पानी में चला गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही बिसौली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सिरौली और दबतोरी थाना पुलिस की टीम भी मौके पर बुलाई गई। अंधेरा होने के बावजूद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयास के बाद मोहित का शव पानी से बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नदी में डूबे युवकों को बचाती पुलिस और राहगीर
मोहित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बढ़े हुए जलस्तर के कारण नदी और तालाबों में नहाएं। बिना जानकारी के गहरे पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Location : Budaun
Published : 19 August 2026, 5:18 AM IST