हिंदी
BMP का जोरदार प्रदर्शन
Ayodhya: मंगलवार को बहुजन मुक्ति पार्टी (BMP) के कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर, महंगी गैस और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हाथों में लालटेन लेकर सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए माहौल गर्म कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने स्मार्ट मीटर को जनता के खिलाफ बताया।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर मनमाने और बढ़े हुए बिजली बिल थोपे जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की कमर टूट रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह "जनविरोधी व्यवस्था" करार दिया।
BMP नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार देश को पीछे ले जाने की दिशा में काम कर रही है। नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर और बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता को फिर से पुराने दौर की तरह लालटेन और चूल्हे की ओर धकेला जा रहा है।
बलरामपुर: सड़कों पर पटाखा छोड़ने वाली बुलेट पर प्रशासन की कार्रवाई, दो वाहन सीज
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लालटेन हाथ में लेकर प्रतीकात्मक विरोध जताया, जिससे यह प्रदर्शन चर्चा का विषय बन गया। नेताओं ने कहा कि बिजली, गैस और ईंधन की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का जीवन मुश्किल कर दिया है। पार्टी ने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 400 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 700 रुपये तय की जाए। साथ ही पेट्रोल और डीजल के दामों में भी तत्काल कटौती की जाए।
BMP नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पार्टी ने ऐलान किया कि 20 मई को “चूल्हा जलाओ” आंदोलन और 31 मई को 'दे धक्का' आंदोलन पूरे प्रदेश में उग्र रूप से चलाया जाएगा।
नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन जनता की आवाज है और इसे दबाया नहीं जा सकता। उनका कहना है कि जब तक स्मार्ट मीटर हटाने और महंगाई कम करने की मांग पूरी नहीं होती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखा गया और प्रशासनिक स्तर पर भी स्थिति पर नजर रखी गई।
Location : Ayodhya
Published : 12 May 2026, 5:03 PM IST
No related posts found.