हिंदी
खेत बंटवारे के विवाद में रिश्तों का खून
Maharajganj: महराजगंज जनपद के ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नौवाबारी गांव में खेत के बंटवारे को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पिता ने ही अपने बेटे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता मीरा पत्नी कमलेश साहनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पिछले दिनों रात करीब 8 बजे उनके पति कमलेश साहनी अपने पिता किशोरी साहनी से खेत के हिस्से के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला विवाद में बदल गया।
महराजगंज: सोनौली में चोरों का आतंक, एक हफ्ते में तीसरी बड़ी चोरी से दहशत
आरोप है कि गुस्से में आकर पिता किशोरी साहनी ने पहले गाली-गलौज करते हुए बेटे की पिटाई की और फिर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कमलेश साहनी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए महराजगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने ससुर से पति के इलाज के लिए सहयोग मांगा, तो उन्होंने इंकार कर दिया और उल्टा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय का माहौल है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी किशोरी साहनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 5 May 2026, 6:36 PM IST