हिंदी
जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
Kushinagar: कुशीनगर में मंगलवार को प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्यों की प्रगति और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कार्य तय समय सीमा में और पूरी गंभीरता के साथ पूरे किए जाएं। वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए ब्लैक स्पॉट्स और स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के आदेश जारी किए गए।
अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ जनगणना कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मकान गणना कार्य को सुचारू, सरल और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यरत प्रगणक और सुपरवाइजरों से नियमित प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें।
बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में जनगणना कार्य की प्रगति धीमी है, वहां विशेष ध्यान देकर काम में तेजी लाई जाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी लगातार चार्ज अधिकारियों के संपर्क में रहकर बेहतर कार्य योजना बनाएं, ताकि जनपद को जनगणना में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त हो सके।
कुशीनगर में सैनिक बन्धु बैठक सम्पन्न, डीएम ने विंग कमांडर आलोक सक्सेना को किया सम्मानित
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य में लगे कर्मियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही जिलापूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया गया कि कर्मियों के लिए आवश्यकतानुसार पेट्रोल और डीजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिसके लिए पेट्रोल पंपों को आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीएम एफआर सख्त
इसके बाद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा ने कई अहम निर्देश दिए। फाजिलनगर ओवरब्रिज और फ्लाईओवर पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई।
एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, आरटीओ और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर क्षेत्र का ऑडिट करने और विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों और संवेदनशील मोड़ों पर बैरिकेडिंग लगाने के आदेश दिए गए ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
बकरीद को लेकर कुशीनगर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी बैठक
पुलिस विभाग ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई से दुर्घटनाओं में लगभग 22 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वर्तमान में 8 विशेष सीसी टीमें 24 घंटे निगरानी और कार्रवाई में लगी हुई हैं।
आरटीओ विभाग ने बताया कि अनफिट और नियम विरुद्ध चल रहे स्कूली वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और कई वाहनों को सीज भी किया गया है। शिक्षा विभाग के सहयोग से ISBMP पोर्टल के जरिए सभी स्कूली वाहनों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है।
Location : Kushinagar
Published : 26 May 2026, 8:00 PM IST