बकरीद को लेकर कुशीनगर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी बैठक

कुशीनगर में आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एसपी केशव कुमार की अध्यक्षता में पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई, जिसमें शांति व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई और बिजली आपूर्ति को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 May 2026, 8:50 PM IST
google-preferred

Kushinagar: कुशीनगर में आगामी ईदुज्जुहा यानी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक केशव कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में धर्मगुरुओं, संभ्रांत लोगों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्योहारों को पारंपरिक तरीके से ही मनाया जाए और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों को सकुशल संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएम ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। प्रतिबंधित पशुओं की बलि किसी भी स्थिति में न देने और वेस्ट डिस्पोजल केवल चिन्हित स्थानों पर करने के निर्देश भी दिए गए।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। एसपी ने साफ कहा कि अफवाह फैलाने वालों और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Kushinagar News

डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी बैठक

विवादित और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर

बैठक में संवेदनशील और विवादित क्षेत्रों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पुराने विवादों का समय रहते निस्तारण कराया जाए ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार का तनाव न पैदा हो। डीएम ने सभी एसडीएम, बीडीओ, थानाध्यक्ष और सीओ को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।

कुशीनगर में प्रेम संबंध बना खूनी वारदात की वजह, युवती ने प्रेमी की गला दबाकर की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था पर भी जोर

त्योहार को देखते हुए साफ-सफाई और बिजली आपूर्ति को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। डीएम ने डीपीआरओ और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तुरंत समस्या का समाधान किया जाए। इसके अलावा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट तैनात

ईदुज्जुहा पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 27 मई से 29 मई 2026 तक पूरे जनपद में 02 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 06 जोनल मजिस्ट्रेट और 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

बिजली-पानी से लेकर स्वास्थ्य तक… कुशीनगर में विकास योजनाओं पर बड़ा फैसला, पढ़ें पूरी खबर

CCTV निगरानी और फ्लैग मार्च बढ़ाने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस को पैदल गश्त और फ्लैग मार्च बढ़ाने को कहा गया है। सभी थाना क्षेत्रों में विवाद पंजिका की जांच कर संभावित विवादों का समय रहते निस्तारण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

कंट्रोल रूम भी स्थापित

त्योहार के दौरान निगरानी और त्वरित समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 05564-240090 जारी किया गया है। यह कंट्रोल रूम लगातार अधिकारियों से संपर्क में रहकर स्थिति पर नजर रखेगा।

Location :  Kushinagar

Published :  22 May 2026, 8:50 PM IST

Advertisement