हिंदी
भारतीय किसान यूनियन ने उठाई मांग (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: किसानों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने आंदोलन को तेज करने का ऐलान कर दिया है। संगठन ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। इसी क्रम में 16 जून को कई रेलवे स्टेशनों पर किसान पंचायतों का आयोजन किया जाएगा, जबकि मांगें पूरी न होने पर 4 जुलाई को रेल रोको आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
रामपुर तिराहा स्थित भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किसान अपनी बुनियादी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में संगठन अब आंदोलनात्मक रास्ता अपनाने को मजबूर है।
कांवड़ यात्रा से पहले हाईवे पर बवाल: होटल बोर्ड फाड़ा, जलाया गया, पुलिस ने तीन को दबोचा
बैठक में किसानों की 35 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इनमें यूरिया की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने, किसानों का पूर्ण कर्ज माफ करने, गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने, किसानों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये पेंशन देने और खाद व यूरिया पर 50 प्रतिशत सब्सिडी उपलब्ध कराने जैसी मांगें शामिल हैं। इसके अलावा अवैध खनन और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने तथा नहरों और रजवाहों में पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
संजीव तोमर ने बताया कि संगठन की ओर से 16 जून को खतौली, मुजफ्फरनगर, मंसूरपुर और रोहाना रेलवे स्टेशन पर किसान पंचायतों का आयोजन किया जाएगा। इन पंचायतों में किसानों की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ आंदोलन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पंचायतें सरकार को किसानों की एकजुटता का संदेश देंगी।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो 4 जुलाई को प्रदेशव्यापी रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। संगठन का दावा है कि इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे और इसे व्यापक स्तर पर सफल बनाया जाएगा। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी किसानों की समस्याओं को लेकर चिंता व्यक्त की और आंदोलन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
Location : Muzaffarnagar
Published : 9 June 2026, 7:30 PM IST