हिंदी
कर्णावती नदी में बह गए BDC असफाक खान (IMG: Dynamite News)
Mirzapur: लगातार बारिश के बीच मिर्जापुर में कर्णावती नदी का तेज बहाव एक परिवार पर भारी पड़ गया। विजयपुर क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) असफाक खान (45) मंगलवार को मिश्रपुर से अपने घर विजयपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका पैर फिसल गया और वह कर्णावती नदी के तेज बहाव वाले पानी में जा गिरे।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गैपुरा चौकी इंचार्ज सुरेश चंद द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए SDRF की टीम को भी बुलाया गया। SDRF के जवानों ने नदी में संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी है। नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में भी टीम लगातार खोजबीन कर रही है।
मिर्जापुर में सड़क हादसे की खौफनाक तस्वीर, एक झटके में उजड़ गए दो परिवार, परिजनों में मचा कोहराम
इस समय इलाके में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कर्णावती नदी का जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ है। नदी का बहाव भी काफी तेज बताया जा रहा है। यही वजह है कि SDRF की टीम को नदी में उतरकर तलाश करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। तेज बहाव के कारण पानी में किसी व्यक्ति को तलाश करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
असफाक खान के नदी में बहने की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और लगातार नदी की ओर नजर लगाए हुए हैं।
पुलिस और SDRF की टीम असफाक खान की तलाश में जुटी हुई है। नदी के आसपास के संभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
Location : Mirzapur
Published : 19 August 2026, 3:03 PM IST