हिंदी
बरेली पुलिस ने मोबाइल फोन रिकवरी किए (Img: Dynamite News)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अक्टूबर 2026 में करीब 75 लाख रुपये कीमत के 374 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और आधुनिक सर्विलांस तकनीक की मदद से बरामद इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा गया। अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाली 23 थानों की साइबर टीमों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए प्रत्येक महीने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न थानों की साइबर टीमों और जनपदीय सर्विलांस सेल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया गया। अक्टूबर महीने में कुल 374 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जो अपने मोबाइल फोन खो जाने या चोरी होने के बाद उनके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे।
ये भी पढ़ें: Bareilly News: केसर चीनी मिल पर प्रशासन का शिकंजा, 10 नवंबर तक भुगतान नहीं तो सील होगी संपत्ति, दर्ज होगी FIR
बरेली पुलिस का यह अभियान लगातार जारी है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 3880 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कीमत 7 करोड़ 76 लाख 20 हजार रुपये है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल बरामदगी के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे मोबाइल फोन का पता लगाने और उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में लगातार सफलता मिल रही है।
ये भी पढ़ें: BJP Bareilly Padyatra: बरेली में भाजपा की बड़ी पदयात्रा, नड्डा-मौर्य समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल; 25 हजार की तैयारी
अक्टूबर में मोबाइल बरामदगी के मामले में बहेड़ी थाना जिले में पहले स्थान पर रहा। यहां की साइबर टीम ने सर्वाधिक 35 मोबाइल फोन बरामद किए। बिथरी चैनपुर पुलिस ने 27 मोबाइल बरामद कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं कोतवाली और इज्जतनगर पुलिस ने 26-26 मोबाइल फोन बरामद किए।
इसके अलावा सुभाषनगर पुलिस ने 22, बारादरी ने 21, फरीदपुर ने 20, कैंट ने 15 और प्रेमनगर पुलिस ने 14 मोबाइल फोन बरामद किए। जनपदीय सर्विलांस सेल ने भी 15 मोबाइल फोन खोजने में सफलता हासिल की।
Location : Bareilly
Published : 4 November 2026, 8:00 PM IST
Topics : Bareilly Cyber Crime News Bareilly Police Mobile Recovery bareilly news CEIR Portal Bareilly SSP Anurag Arya Bareilly