Kasganj News: राशन कार्डधारकों के लिए अपडेट, दो पालियों में मिलेगा मुफ्त अनाज; जानें समय और नियम

कासगंज में 6 से 30 नवंबर तक मुफ्त राशन वितरण होगा। अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो गेहूं-चावल मिलेगा। राशन वितरण सुबह और शाम की दो पालियों में किया जाएगा।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 4 November 2026, 8:49 PM IST
google-preferred

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर 6 नवंबर से मुफ्त राशन वितरण शुरू होने जा रहा है। पात्र राशन कार्डधारक 30 नवंबर तक अपनी उचित दर की दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि राशन वितरण प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा। पहली पाली सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।

अंत्योदय कार्ड पर मिलेगा 35 किलो राशन

जिला पूर्ति अधिकारी के मुताबिक, अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाएगा। इसमें 21 किलोग्राम गेहूं और 14 किलोग्राम चावल शामिल होगा। वहीं, पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा। इसमें 3 किलोग्राम गेहूं और 2 किलोग्राम चावल दिया जाएगा। दोनों श्रेणियों के कार्डधारकों को यह राशन पूरी तरह मुफ्त मिलेगा।

ये भी पढ़े: UP Police: कासगंज पुलिस बनी प्रदेश में नंबर-1, IG​RS शिकायत निस्तारण में मिले पूरे 125 अंक

नोडल अधिकारी की मौजूदगी में होगा वितरण

राशन वितरण की प्रक्रिया प्रत्येक उचित दर दुकान पर नोडल अधिकारी की उपस्थिति में पूरी कराई जाएगी। कोटेदार ई-पॉश मशीन के जरिए राशन वितरित करेंगे और कार्डधारकों को वितरण पर्ची भी उपलब्ध कराएंगे। इस पर्ची पर खाद्यान्न की मात्रा के साथ उसका मूल्य शून्य अंकित होगा।

पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी रहेगी उपलब्ध

राशन वितरण के दौरान पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके तहत कार्डधारक निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दूसरी उचित दर दुकान से भी राशन प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि, कोटेदार अपने पास उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक ही पोर्टेबिलिटी के माध्यम से खाद्यान्न दे सकेंगे।

ये भी पढ़े: दो दिन पहले दर्ज हुई गुमशुदगी और फिर कासगंज में पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

आधार प्रमाणीकरण नहीं होने पर मोबाइल ओटीपी से मिलेगा राशन

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि 30 नवंबर को आधार प्रमाणीकरण के जरिए राशन प्राप्त नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से खाद्यान्न दिया जा सकेगा। उन्होंने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी उचित दर दुकान से मुफ्त राशन प्राप्त कर लें।

राशन वितरण में समस्या हो तो यहां करें शिकायत

राशन वितरण के दौरान किसी भी तरह की परेशानी होने पर कार्डधारक जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी या संबंधित पूर्ति निरीक्षक से शिकायत कर सकते हैं। प्रशासन ने निर्धारित अवधि में पारदर्शी तरीके से राशन वितरण कराने की व्यवस्था की है।

Location :  Kasganj

Published :  4 November 2026, 8:49 PM IST

Advertisement