गांव की गलियों से ऑल इंडिया के मैदान तक, प्रतापगढ़ की बेटियों ने कबड्डी में गाड़े झंडे

प्रतापगढ़ के लक्ष्मणपुर की कामिनी सरोज और खुशी सरोज ने सर्कल कबड्डी में शानदार प्रदर्शन कर ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हासिल किया है। पुलिन फाउंडेशन से जुड़ी दोनों खिलाड़ियों को समाजसेवी और संस्था के पदाधिकारियों ने सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 4 November 2026, 8:56 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी खेल के बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। प्रतापगढ़ के विकासखंड लक्ष्मणपुर की ग्राम पंचायत छेमर सरैया निवासी कामिनी सरोज और खुशी सरोज ने सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

मेहनत और अभ्यास से हासिल किया मुकाम

कामिनी सरोज और खुशी सरोज पुलिन फाउंडेशन के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से जुड़ी हुई हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों खिलाड़ियों ने मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ऑल इंडिया प्रतियोगिता (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़े: पहले शराब पिलाई फिर रस्सी से गला घोंटा और डुबो दिया, प्रतापगढ़ में लड़की के चक्कर में दोस्ती का कत्ल!

समाजसेवी ने मिठाई खिलाकर किया सम्मानित

दोनों खिलाड़ियों की सफलता से उत्साहित ग्राम पंचायत छेमर सरैया निवासी समाजसेवी अकरम खान ने बुधवार को उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कामिनी और खुशी को मिठाई खिलाकर बधाई दी। साथ ही प्रोत्साहन राशि देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस मौके पर अकरम खान ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्हें सही अवसर और सहयोग मिले तो वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।

पुलिन फाउंडेशन की टीम ने खिलाड़ियों और कोच को किया सम्मानित

पुलिन फाउंडेशन की समन्वयक निशा और सहजकर्ता नेहा एवं मेनिका ने चयनित खिलाड़ियों के साथ उनके अभिभावकों को माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं संस्था के सचिव फैजान अहमद ने कबड्डी कोच अकमल को माला पहनाकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों को तैयार करने में उनके योगदान की सराहना की।

सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता (Img: Dynamite News)

ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

संस्था के अध्यक्ष महेश कुमार मौर्य ने कामिनी और खुशी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता केवल दो खिलाड़ियों की उपलब्धि नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र की उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं।

ये भी पढ़े: फीस न देने पर छीनी उत्तर पुस्तिका, फिर छात्रा ने लगाया फंदा: जानिए प्रतापगढ़ के इस विवादित स्कूल का पूरा सच

उन्होंने बताया कि पुलिन फाउंडेशन का उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, नेतृत्व विकास और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। संस्था लगातार प्रयास कर रही है कि गांव की बेटियों की प्रतिभा को पहचान मिले और उन्हें बेहतर मंच मिल सके।

महेश कुमार मौर्य ने कहा कि बेटियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और अवसर की है। कामिनी और खुशी ने अपनी मेहनत से साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी बड़े खेल मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखा सकती हैं।

आगामी प्रतियोगिता पर टिकीं क्षेत्रवासियों की निगाहें

कामिनी और खुशी के ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है और दोनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अब सभी की निगाहें आगामी प्रतियोगिता पर हैं, जहां इन दोनों खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। उनकी यह उपलब्धि प्रतापगढ़ की अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकती है।

Location :  Pratapgarh

Published :  4 November 2026, 8:56 PM IST

Related News

Advertisement