दीपावली पर हादसों से निपटने की तैयारी तेज, सहारनपुर में पटाखा गोदामों पर चला अग्निशमन विभाग का चाबुक

सहारनपुर में दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए सहारनपुर में अग्निशमन विभाग ने पटाखा दुकानों, गोदामों और बाजारों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 4 November 2026, 8:39 PM IST
google-preferred

Saharanpur: उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर में दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए सहारनपुर में अग्निशमन विभाग ने पटाखा दुकानों, गोदामों और बाजारों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। हाल के वर्षों में पटाखा फैक्ट्रियों में हुए हादसों को देखते हुए प्रशासन इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है।

पटाखा हादसों के बाद बढ़ी सतर्कता

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पटाखा फैक्ट्रियों में विस्फोट और आग लगने की घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। सहारनपुर के गंगोह कस्बे में भी हाल ही में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी। ऐसे हादसों को देखते हुए दीपावली पर पटाखों की बिक्री और भंडारण स्थलों की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: Saharanpur News: 45 साल से अधूरी मांग पर फिर सड़कों पर उतरे वकील, 4 नवंबर से पूरे यूपी में निकालेंगे न्याय यात्रा

लाइसेंस और फायर सिस्टम की जांच

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बुधवार को शहर के आतिशबाजी विक्रेता मल्होत्रा एंड संस की दुकान और गोदाम का निरीक्षण किया। मौके पर तीन लाइसेंस मिले, जिनमें दो फुटकर बिक्री और एक भंडारण का था। अधिकारी के अनुसार, फायर सिस्टम जांच में सही पाया गया।

हालांकि परिसर में वाहन और कुछ सामान खड़ा मिला, जिसे तत्काल हटवाया गया। दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि दुकान के गेट खुले रखें, साफ-सफाई बनाए रखें और आग बुझाने वाले उपकरणों की रोजाना जांच करें।

19 स्थानों पर होगी पटाखों की बिक्री

दीपावली के लिए जिले में पटाखा बिक्री के 19 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें पांच स्थान सहारनपुर शहर में हैं, जबकि अन्य कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित किए गए हैं। अग्निशमन विभाग की टीमें इन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।

तंग गलियों के लिए छोटी गाड़ियों की व्यवस्था

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि भीड़भाड़ और संकरी गलियों में आग बुझाने के लिए FRV, वाटर मिस्ट वाहन और बुलेट बाइक तैनात की गई हैं। जरूरत पड़ने पर दमकल की बड़ी गाड़ी मुख्य मार्ग पर खड़ी कर पाइप अंदर ले जाकर आग पर काबू पाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध पटाखा निर्माण की शिकायत मिलने पर पुलिस के साथ कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: Saharanpur News: गंगोह की बड़ी मस्जिद पर गिरी बिजली, जोरदार धमाके से टूटा मीनार का हिस्सा

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

अग्निशमन विभाग ने लोगों से पटाखे सुरक्षित स्थान पर रखने और बिजली के स्विच, इनवर्टर, बैटरी तथा ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की चिंगारी से हादसा न हो।

Location :  Saharanpur

Published :  4 November 2026, 8:39 PM IST

Advertisement