जिस हाथ ने चलना सिखाया, उसी ने ले ली पिता की जान; बलरामपुर में कलयुगी बेटे के गुस्से ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार

बलरामपुर तुलसीपुर क्षेत्र में पिता की हत्या करने वाले कलयुगी बेटे पिंटू उर्फ करिया को पुलिस ने आला कत्ल के साथ किया गिरफ्तार। आरोपी ने विवाद के दौरान अधजले डंडे से हमला कर पिता को मौत के घाट उतार दिया था और मां को भी घायल किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Balrampur: बलरामपुर में घरेलू विवाद और छोटी सी कहासुनी ने एक हंसते-खेलते परिवार को पल भर में उजाड़ दिया। घरेलू कलह के दौरान आपा खोकर अपने ही जनक की जीवनलीला समाप्त करने वाले कलयुगी बेटे को स्थानीय पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए धर दबोचा है। वारदात में इस्तेमाल किए गए अधजले लकड़ी के गुटके को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

झगड़े में मां को भी लगी चोट

​यह जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने बताया कि मामला जरवा मार्ग पर लाल चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे का है। देर रात पिंटू उर्फ करिया का अपनी बहन के साथ किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो रहा था। आरोपी अपनी बहन के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहा था।

ये भी पढ़ें - Balrampur: बाढ़ सुरक्षा को लेकर एक्शन में प्रशासन, ADM ने अधिकारियों को चेताया

घर में जारी इस हंगामे को देखकर पचास वर्षीय पिता कल्लू ने बीच-बचाव किया और बेटे को अपशब्द कहने से मना किया। इसी बात से आपा खोए पिंटू ने पास में पड़े एक अधजले लकड़ी के भारी गुटके से अपने पिता पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। हमला इतना भयानक था कि बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी चोटें आईं।

आरोपी मौके से फरार

खून से लथपथ पिता को तत्काल पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ​घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मृतक के बड़े बेटे राजू की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

ये भी पढ़ें - Balrampur: यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, चेकिंग में मिली ये चीजें

पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने लाल चौराहे के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पछतावा भी जताया, लेकिन तब तक कानून का शिकंजा उस पर कस चुका था। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के पश्चात आरोपी को न्यायायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Location :  Balrampur

Published :  27 July 2026, 3:57 PM IST

Related News

Advertisement