हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamite News)
Balrampur: जिले में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जरवा पुलिस ने सोमवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा और उनके कब्जे से कुल 51 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थाना जरवा प्रभारी योगेश प्रताप सिंह ने क्षेत्र में सघन रात्रि चेकिंग अभियान शुरू कराया।
पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर रात के अंधेरे में अलग-अलग वाहनों से अवैध शराब की खेप पहुंचाने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने कई स्थानों पर घेराबंदी कर निगरानी बढ़ा दी।
शादी के चार दिन बाद ही उजड़ गई दुनिया! दावत के बीच दूल्हे को निगल गई मौत
चेकिंग के दौरान पुलिस ने सबसे पहले रामपुर निवासी 41 वर्षीय अतवारी को पकड़ा। वह मोटरसाइकिल से जा रहा था। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो बाइक की सीट के नीचे प्लास्टिक पन्नियों में छिपाकर रखी गई 12 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। आरोपी शराब को आसपास के इलाकों में सप्लाई करने जा रहा था।
अभियान को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने पिपरा दुर्गानगर निवासी 40 वर्षीय संतोष को संदिग्ध हालत में रोका। तलाशी लेने पर उसकी बाइक की डिग्गी से 10.5 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी संतोष कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
सबसे बड़ी बरामदगी लोहटी निवासी 19 वर्षीय सुनील कुमार के पास से हुई। पुलिस ने उसके ई-रिक्शा को रोककर जांच की तो सीट के नीचे बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई 28.5 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तस्कर अब ई-रिक्शा का इस्तेमाल कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जरवा पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी योजना नाकाम हो गई।
थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा को भी सीज कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दुर्बल यादव, हेड कांस्टेबल उपेन्द्र यादव, मनोज यादव तथा कांस्टेबल नितिन कुमार, अखिलेश कुमार और आयुष मिश्रा की अहम भूमिका रही।
Location : Balrampur
Published : 12 May 2026, 10:27 AM IST