बलरामपुर में अवैध क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब पर बड़ी कार्रवाई, चार प्रतिष्ठान सील, हड़कंप

बलरामपुर में स्वास्थ्य विभाग ने बिना पंजीकरण चल रहे क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब पर बड़ी कार्रवाई की है। तुलसीपुर और सादुल्लानगर में छापेमारी कर चार प्रतिष्ठानों को सील किया गया। मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।

Balrampur: जनपद में बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे चिकित्सा केंद्रों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तुलसीपुर और सादुल्लानगर क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर बड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया।

तुलसीपुर में अवैध क्लीनिक पर कार्रवाई

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष कुमार श्रीवास्तव और राजेश हंस के नेतृत्व में टीम ने सबसे पहले तुलसीपुर क्षेत्र के भवनियापुर रेहरा बंधा में स्थित एक क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि यह क्लीनिक बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहा था और वहां मरीजों को भर्ती कर उपचार भी किया जा रहा था।

नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया। साथ ही वहां भर्ती मरीजों को सुरक्षित रूप से शासकीय एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित कराया गया।

Balrampur: भीड़भाड़ वाले बाजार में हुआ ऐसा खेल कि सब रह गए दंग! पढ़ें पूरी खबर

सादुल्लानगर में पैथोलॉजी लैब पर छापा

इसके बाद टीम ने सादुल्लानगर क्षेत्र में पैथोलॉजी केंद्रों की जांच की। निरीक्षण के दौरान तीन पैथोलॉजी लैब बिना किसी आधिकारिक पंजीकरण के संचालित पाई गईं। इन सभी को मौके पर ही सील कर दिया गया।

वहीं एक अन्य जांच केंद्र में भी अनियमितताएं पाए जाने पर उसे सील नहीं किया गया, बल्कि नियमानुसार नोटिस जारी कर संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित संचालकों के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के निर्धारित मानकों और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Balrampur: बलरामपुर में ‘मौत का अस्पताल’: बिना डिग्री कर रहे थे ऑपरेशन, प्रशासन ने किया कुर्क

कड़ी चेतावनी और आगे की कार्रवाई

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने जिले के सभी निजी चिकित्सा संचालकों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का पालन न करने पर और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस औचक और सख्त कार्रवाई से जिले में बिना मान्यता संचालित हो रहे चिकित्सा प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया है।

Location :  Balrampur

Published :  6 May 2026, 1:10 PM IST

Advertisement