हिंदी
बालाजी गैस गोदाम पर दिखा व्यवस्था का क्रूर चेहरा फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Balrampur: रविवार की छुट्टी के दिन जब एसडीएम सदर हेमंत कुमार गुप्ता व गैस वितरण के नोडल अधिकारी यशवंत मौर्य जिला अल्पसंख्यक अधिकारी दल-बल के साथ बालाजी गैस गोदाम पहुंचे, तो वहां घंटों से धूप में खड़े बेबस उपभोक्ताओं की पथराई आंखों में उम्मीद की एक चमक जागी।
क्या है पूरी खबर?
कई दिनों से चूल्हा ठंडा होने की कगार पर बैठे इन लोगों को लगा कि शायद अब साहब आए हैं तो खाली हाथ नहीं जाना पड़ेगा, लेकिन अफसरों की बेरुखी ने उनकी इस आखिरी उम्मीद को भी बेरहमी से तोड़ दिया। गैस एजेंसी से ओटीपी देकर गोदाम पहुंचे इन जरूरतमंदों को सांत्वना मिलने के बजाय वहां से बैरंग लौटा दिया गया। उपभोक्ताओं ने बताया कि साहब बोले घर जाओ इंतजार करो, घर पर ही पहुंचेगा गैस।
कतार में खड़े लोगों का दर्द छलक उठा कि जब रक्षक ही उनके खाली सिलेंडरों की पुकार नहीं सुन रहे, तो वे अपनी फरियाद लेकर अब किसके पास जाएं। जिले में इन दिनों आम आदमी की रसोई का बजट और सुकून दोनों ही सिलेंडर की कालाबाजारी की भेंट चढ़ रहे हैं। कहने को तो उज्ज्वला और डिजिटल इंडिया के दौर में गैस घर-घर पहुंच रही है, लेकिन हकीकत में बलरामपुर के उपभोक्ताओं के लिए एक अदद सिलेंडर पाना किसी जंग जीतने जैसा हो गया है।
गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें और गोदामों पर स्टॉक खत्म की तख्तियां अब आम बात हो गई हैं, जबकि इन्हीं गलियों के पीछे ऊंचे दामों पर गैस का काला खेल बदस्तूर जारी है। एक तरफ जहां गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार रसीद कटवाने के बाद हफ्तों तक एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ होटल, ढाबों और अवैध रिफिलिंग सेंटरों पर सिलेंडरों की खेप बेरोकटोक पहुंच रही है।
मजबूरी का फायदा उठाकर बिचौलिए निर्धारित दाम से कई सौ रुपये ऊपर वसूल रहे हैं। ग्रामीण इलाकों की स्थिति और भी भयावह है, जहां गैस न मिलने पर महिलाएं एक बार फिर धुएं और लकड़ी के चूल्हे की ओर लौटने को मजबूर हो रही हैं।उपभोक्ताओं का दर्द गहरा है; कोई अपनी दिहाड़ी छोड़कर लाइन में खड़ा है तो कोई बच्चों की फीस के पैसे बचाकर सिलेंडर के बढ़े हुए दाम चुका रहा है।
विडंबना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस पूरी अव्यवस्था से अनजान बना बैठा है। समय-समय पर होने वाली खानापूर्ति की जांच के इतर धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। जब तक प्रशासन इस सिंडिकेट पर नकेल नहीं कसेगा, तब तक बलरामपुर की रसोई में उठने वाला यह धुंआ न सिर्फ आंखों में चुभेगा, बल्कि आम जनमानस के विश्वास को भी झुलसाता रहेगा।
Location : Balrampur
Published : 10 May 2026, 8:26 PM IST
Topics : Balrampur cdo balrampur DM Balrampur Latest News