हिंदी
उत्तर प्रदेश के बलिया में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया। खेत के पास हुई इस घटना में एक महिला की जान चली गई। आखिर कैसे हुआ यह हादसा और पुलिस क्या जांच कर रही है, जानिए पूरी खबर।
Ballia: जनपद के फेफना थाना क्षेत्र के निधरिया गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में लगाए गए कटैले तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार निधरिया गांव निवासी लक्ष्मी देवी (48 वर्ष) पत्नी लाल बिहारी वर्मा शुक्रवार की भोर करीब पांच बजे रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान वह गांव के ही हरिकिशुन वर्मा के खेत की ओर पहुंच गईं। बताया जा रहा है कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए कटैले तार में करंट प्रवाहित किया गया था।
सुबह टहलते वक्त लक्ष्मी देवी उस तार के संपर्क में आ गईं और तेज करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़ीं और गंभीर रूप से झुलस गईं। आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो तुरंत परिजनों को सूचना दी गई।
Ballia Crime News: गैर इरादतन हत्या का वांछित आरोपी पुलिस के शिकंजे में
परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर जिला अस्पताल बलिया पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका के पति लाल बिहारी वर्मा गांव के पूर्व प्रधान रह चुके हैं और वर्तमान में होमगार्ड में तैनात हैं। लक्ष्मी देवी अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं। परिवार के सभी बच्चे अभी अविवाहित हैं, जिससे इस दुखद घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Ballia News: CDO का सख्त रुख, विकास भवन में मिली बड़ी लापरवाही; उठाया ये बड़ा कदम
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गांव के लोगों का कहना है कि खेतों की सुरक्षा के लिए कई जगहों पर तार में करंट दौड़ाया जाता है, जो कभी-कभी इस तरह के खतरनाक हादसों का कारण बन जाता है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।