बिस्कुट लेने निकली थी मासूम, रास्ते में अचानक भरभराकर गिरी दीवार; पांच साल की बच्ची की चली गई जान

बलिया के नफरेपुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। पांच वर्षीय बच्ची पड़ोस की दुकान से बिस्कुट लेकर लौट रही थी, तभी रास्ते में पुरानी मिट्टी की दीवार अचानक गिर गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 September 2026, 4:37 PM IST
google-preferred

Ballia: चिलकहर क्षेत्र के नफरेपुर गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। पड़ोस की किराने की दुकान से बिस्कुट लेने गई पांच वर्षीय बच्ची की पुरानी मिट्टी की दीवार के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

दुकान से लौटते वक्त अचानक गिर गई दीवार

बताया गया कि नफरेपुर गांव में पांच वर्षीय कीर्ति राजभर, पुत्री हरकेश राजभर, पड़ोस की किराने की दुकान से बिस्कुट लेने गई थी। दुकान से वापस लौटते समय उसके साथ एक अन्य बच्ची भी थी। दूसरी बच्ची आगे निकल गई, जबकि कीर्ति पीछे रह गई। इसी दौरान रास्ते में मौजूद पुरानी और मोटी मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। कीर्ति कुछ समझ पाती, उससे पहले ही वह दीवार के मलबे के नीचे दब गई।

ये भी पढ़ें- Ballia News: बाढ़ के पानी में नहाने उतरे चार दोस्त, दो की डूबकर मौत; NDRF ने बरामद किए शव

शोर सुनकर दौड़े ग्रामीण

हादसा होते देख एक बुजुर्ग महिला ने शोर मचाया। आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद मिट्टी की दीवार हटाई और बच्ची को बाहर निकाला। बच्ची को तत्काल रसड़ा चिकित्सालय ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें- 2 महीने पहले रचाया ब्याह, अब लोहे की रॉड से कत्ल! प्रेम विवाह का खौफनाक अंत; जानिए किस बात पर हुआ खूनी विवाद

नाना-नानी के घर आई थी कीर्ति

परिजनों के अनुसार, कीर्ति राजभर अपने नाना-नानी के गांव नफरेपुर आई हुई थी। उसका मूल निवास नसीरपुर कला बताया गया है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। वहीं, ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

Location :  Ballia

Published :  6 September 2026, 4:37 PM IST

Advertisement