हिंदी
जनपद बदायूं से चौंकाने वाला मामला (Img: Dynamite News)
Budaun: जनपद बदायूं के उसैहत थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उसैहत थाना क्षेत्र के गांव बारीखेड़ा निवासी सुनील पुत्र श्रीपाल की शादी लगभग छह वर्ष पहले शाहजहांपुर जनपद के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव भौती निवासी जयराम की 25 वर्षीय पुत्री खुशबू के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति के दो बच्चे भी हुए।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि पांच लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर खुशबू को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके पक्ष आर्थिक रूप से यह मांग पूरी करने में असमर्थ था।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने खुशबू के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप यह भी है कि घटना के बाद परिवार के सदस्य मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर मायके पक्ष घटनास्थल पर पहुंचा, जहां खुशबू मृत अवस्था में मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Location : Badaun
Published : 28 June 2026, 3:32 PM IST