हिंदी
ससुराल की दबंगई बनी जानलेवा
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसे जानने के बाद आपका दिल दहल जाएगा। जनपद बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव मल्लाहपुर निवासी विजेंद्र सिंह की 25 वर्षीय बेटी किरन की मौत गर्भपात के दौरान हुई। किरन की शादी लगभग ढाई वर्ष पहले उझानी थाना क्षेत्र के गांव सामंती नगला के रहने वाले राहुल पुत्र दलबीर सिंह के साथ धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद किरन ने एक पुत्री को जन्म दिया और परिवार का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था।
करीब तीन महीने पहले किरन फिर से गर्भवती हुई। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे किसी अनजान डॉक्टर के पास नाजायज अल्ट्रासाउंड कराने को मजबूर किया। अल्ट्रासाउंड में बताया गया कि किरन के गर्भ में बच्ची है। इस जानकारी के बाद ससुराल वालों ने कथित रूप से किरन का गर्भपात करवा दिया।
गर्भपात के तुरंत बाद किरन को गंभीर रक्तस्राव शुरू हो गया। ससुराल वालों ने उसका प्राथमिक उपचार कराया, लेकिन हालत बिगड़ने के कारण मुख्यालय के डॉक्टरों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) बरेली रेफर कर दिया। बरेली में इलाज के दौरान किरन की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के बदायूं से चौंकाने वाला मामला, बेटे की चाह में किया ऐसा कारनामा#UPNews #CrimeNews #Badauncrime pic.twitter.com/IKxvtJPdAz
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) January 17, 2026
सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वाले किरन पर लगातार दहेज की मांग करते थे और गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाया। उन्होंने बताया कि किरन की मौत नाजायज गर्भपात और ससुराल वालों की लापरवाही का नतीजा है।
मामले की जानकारी मिलते ही मूसाझाग थाना पुलिस ने किरन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Haridwar News: हरिद्वार पुलिस का वारंटियों पर शिकंजा, रातभर चले अभियान में 3 आरोपी गिरफ्तार
मृतका के भाई सतवीर ने बताया, “ससुराल वालों ने गर्भपात करवा दिया और इलाज में देरी की। हमें न्याय चाहिए। हमारी बहन की मौत उनके गलत कार्यों की वजह से हुई।” इस घटना ने पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और आक्रोश फैला दिया है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि दोषियों को सजा मिल सके और ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Location : Badaun
Published : 17 January 2026, 2:21 PM IST
Topics : Badaun News crime news UP News