हिंदी
अंतू में टेंपो चालक पर हमला (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: अंतू इलाके में शुक्रवार को सवारियों से भरे टेंपो को रास्ते में रोककर चालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सेतापुर बाजार के पास हुई इस घटना में चालक को गंभीर चोटें आई हैं। हमले के दौरान आरोपियों ने टेंपो में भी जमकर तोड़फोड़ की, जिससे वाहन के आगे और पीछे के शीशे टूट गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़ित चालक की पहचान मोतीलाल गुप्ता (38), पुत्र रामबली गुप्ता, निवासी बिराहिमपुर, थाना अंतू के रूप में हुई है। बताया गया कि मोतीलाल शुक्रवार दोपहर बाबूगंज से सवारियां लेकर चिलबिला होते हुए प्रतापगढ़ जा रहे थे। वह जैसे ही चिलबिला-अमेठी मार्ग पर सेतापुर मेन रोड स्थित लीला यादव मार्केट के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे 4 से 5 अज्ञात लोगों ने उनका टेंपो रोक लिया।
ये भी पढ़ें- न कोई टक्कर, न चिंगारी; फिर मिनटों में कैसे राख हो गईं दो बाइकें? CCTV में कैद हुआ रोंगटे खड़े करने वाला सच!
आरोप है कि हमलावरों ने मोतीलाल को टेंपो से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इसी दौरान आरोपियों ने टेंपो में भी तोड़फोड़ की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद घायल चालक ने डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही अंतू पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ भेजा गया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें- सावधान! लालच में आकर दूसरों को न दें अपने बैंक खाते की डिटेल, मैनपुरी में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का हुआ खुलासा
अंतू थानाध्यक्ष के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सवारियों से भरे टेंपो को रोककर चालक को निशाना बनाने की वजह क्या थी?
Location : Pratapgarh
Published : 11 September 2026, 4:32 PM IST
Topics : Antu crime news pratapgarh news tempo driver UP News