हिंदी
महराजगंज के जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में इग्नू अध्ययन केंद्र खुलने से कामकाजी और ग्रामीण छात्रों को घर बैठे उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र
बरसों से हालात, दूरी और जिम्मेदारियों की वजह से जिन सपनों को शिक्षा की चौखट पर ही दम तोड़ना पड़ता था, अब उन पर लगा पहरा टूटने लगा है। महराजगंज में उच्च शिक्षा तक पहुंच हमेशा एक चुनौती रही है, लेकिन अब इस चुनौती को सीधी टक्कर देने की तैयारी हो चुकी है। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय यानी इग्नू का अध्ययन केंद्र खुलने से जिले के छात्रों के लिए पढ़ाई का पूरा खेल बदलने वाला है।
जिले को मिला इग्नू का अधिकृत अध्ययन केंद्र
महराजगंज जिले के लिए यह एक बड़ी शैक्षिक उपलब्धि मानी जा रही है। इग्नू के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी ने जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज को अध्ययन केंद्र की मान्यता दे दी है। इस केंद्र को कोड 48064 आवंटित किया गया है। इसके साथ ही अब जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर भटकने की मजबूरी से काफी हद तक राहत मिलने वाली है।
कामकाजी और दूर-दराज के छात्रों को सबसे बड़ा फायदा
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने बताया कि यह अध्ययन केंद्र खास तौर पर उन अभ्यर्थियों के लिए फायदेमंद साबित होगा, जो नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते। कामकाजी महिला-पुरुष, ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले छात्र-छात्राएं तथा समयाभाव से जूझ रहे विद्यार्थी अब घर बैठे पढ़ाई कर सकेंगे और मान्य डिग्री हासिल कर पाएंगे।
कौन-कौन से पाठ्यक्रम होंगे संचालित
इग्नू अध्ययन केंद्र पर स्नातक स्तर पर कला स्नातक, इतिहास में स्नातक और पर्यटन अध्ययन में स्नातक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर संस्कृत और शिक्षा शास्त्र में पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। सभी पाठ्यक्रम हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में होंगे। पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन अध्ययन को खास महत्व दिया गया है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं।
केंद्र संचालन की जिम्मेदारी अनुभवी शिक्षकों को
इस अध्ययन केंद्र के समन्वयक हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विजय आनंद मिश्र और सह-समन्वयक अर्थशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य डॉ. छट्ठू यादव को बनाया गया है। दोनों शिक्षकों ने केंद्र को सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित करने का भरोसा दिलाया है।
भविष्य की तैयारी और नई पहचान
प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्र ने कहा कि इग्नू अध्ययन केंद्र की स्थापना महाविद्यालय और पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। आने वाले समय में और भी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे महराजगंज शिक्षा के नक्शे पर मजबूत पहचान बना सकेगा।