जिस उम्र में किताबें होनी थीं हाथ में, वहां सह रही थी युवक की छेड़छाड़; घर आकर छात्रा ने उठा लिया खौफनाक कदम

अमरोहा के गजरौला में हाईस्कूल की छात्रा की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। परिवार का आरोप है कि स्कूल जाते समय गांव का एक युवक छात्रा का पीछा कर उसे परेशान करता था।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 September 2026, 1:22 PM IST
google-preferred

Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से एक नाबालिग छात्रा की मौत का बेहद दुखद मामला सामने आया है। गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में हाईस्कूल में पढ़ने वाली छात्रा ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि गांव का एक युवक काफी समय से छात्रा का पीछा कर रहा था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था। परिवार के मुताबिक, इस वजह से छात्रा मानसिक रूप से परेशान थी। मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

स्कूल आते-जाते छात्रा को परेशान करने का आरोप

मामला गजरौला थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाली छात्रा हाईस्कूल में पढ़ाई कर रही थी। परिवार का आरोप है कि गांव का रहने वाला नय्यूम छात्रा को स्कूल जाते और वापस लौटते समय परेशान करता था। परिजनों के मुताबिक, युवक उसका पीछा करने के साथ उसके साथ छेड़छाड़ भी करता था।

बताया जा रहा है कि छात्रा ने इस बारे में अपने घरवालों को जानकारी दी थी। इसके बाद परिवार ने मामले को लेकर आरोपी युवक के परिजनों से बात करने की कोशिश की।

ये भी पढ़ें- पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे छिनैती के आरोपी को लगी गोली, मऊ में मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश गिरफ्तार

शिकायत करने पर भाई ने दी धमकी

परिजनों का आरोप है कि उन्होंने नय्यूम के भाई नासिर से भी छात्रा को परेशान किए जाने की शिकायत की थी। परिवार के मुताबिक, इस शिकायत के बाद नासिर ने उनके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी। परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद छात्रा को परेशान किए जाने का सिलसिला नहीं रुका। इस पूरे घटनाक्रम से छात्रा काफी परेशान थी। कुछ समय बाद उसने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी।

छात्रा की मौत से परिवार में मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नय्यूम और उसके भाई नासिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नय्यूम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी नासिर की तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़ें- आखिर किस बात से डरी पुलिस? विनोद साहनी के परिजनों से मिलने जा रहे सपा नेताओं को रोके जाने पर गरमाई सियासत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पर टिकी आगे की कार्रवाई

अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव के मुताबिक, मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। फिलहाल पुलिस छात्रा को परेशान किए जाने के आरोपों समेत मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि घटना से पहले छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और परिजनों की शिकायत के बाद क्या-क्या हुआ था।

Location :  Amroha

Published :  12 September 2026, 1:22 PM IST

Advertisement