देवरिया में 17 वर्षीय विकास की मौत, दोस्तों के साथ गया था घूमने

देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर विकास विश्वकर्मा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार विकास दोस्तों के साथ घूमने गया था और घर लौटने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 September 2026, 7:01 PM IST
google-preferred

Deoria News: देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि किशोर दोस्तों के साथ घूमने गया था और वापस घर पहुंचने के कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया।

घर पहुंचते ही अचानक बिगड़ी तबीयत

मामला रुद्रपुर नगर पंचायत क्षेत्र के मलहटोली वार्ड नंबर 4 का है। यहां रहने वाले अवधेश विश्वकर्मा का 17 वर्षीय बेटा विकास विश्वकर्मा बुधवार सुबह दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकला था। परिजनों के मुताबिक, कुछ समय बाद विकास घर वापस लौटा। घर आने के थोड़ी देर बाद ही उसकी हालत अचानक खराब होने लगी और वह अचेत अवस्था में पहुंच गया। बेटे की हालत देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर लेकर पहुंचे।

हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर

सीएचसी रुद्रपुर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने विकास की हालत गंभीर देखते हुए उसे देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना को लेकर इलाके में चर्चा

विकास की अचानक हुई मौत को लेकर मलहटोली वार्ड नंबर 4 में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से मामले में जांच किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं परिवार बेटे की मौत से सदमे में है और घटना की पूरी जानकारी सामने आने का इंतजार कर रहा है।

Location :  Deoria

Published :  9 September 2026, 7:01 PM IST

Advertisement