प्रतापगढ़: मायके आई थी बेटी, लेकिन गांव के बाहर जो मिला उसने सबको हिला दिया!

प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा क्षेत्र में मायके आई 36 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 9 September 2026, 4:02 PM IST
google-preferred

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के भाटी कला गांव में मायके आई 36 वर्षीय विवाहिता का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत के पीछे की असली वजह क्या है, इसे लेकर फिलहाल रहस्य बना हुआ है।

सप्ताहभर पहले मायके आई थी विवाहिता

जानकारी के मुताबिक, आसपुर देवसरा क्षेत्र के कुटिया राइन गांव निवासी तबस्सुम (36) पत्नी जाहिर करीब एक सप्ताह पहले अपने भाई के साथ मायके भाटी कला गांव आई थी। बुधवार दोपहर उसकी बहनें सोनम और पूनम खेत की तरफ गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर गांव के बाहर पेड़ से लटके शव पर पड़ी।

शव देखते ही दोनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद आसपुर देवसरा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के साथ ही परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप

मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि तबस्सुम को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि घरेलू परिस्थितियों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

हालांकि, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया

तबस्सुम के पीछे तीन छोटे बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक बड़ा बेटा करीब पांच वर्ष का, दूसरा बच्चा तीन वर्ष का और तीसरा बच्चा करीब डेढ़ वर्ष का है। मां की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इतनी कम उम्र में बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

कौशांबी में मां और बहन ने दिया महिला सिपाही प्रियंका को कंधा, राइफल की गोली से गंवाई थी जान

पुलिस ने कही जांच की बात

आसपुर देवसरा थाना प्रभारी राकेश चौरसिया ने बताया कि भाटी कला गांव के बाहर एक महिला का शव पेड़ से लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ और तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Pratapgarh

Published :  9 September 2026, 4:02 PM IST

Related News

Advertisement