800 करोड़ की ठगी में मौर्य बंधुओं पर कसेगा शिकंजा, गैंगस्टर की तैयारी; बरेली-बदायूं में नौ मुकदमे

बरेली और बदायूं में चिटफंड कंपनियों के जरिए हजारों निवेशकों से कथित 800 करोड़ रुपये की ठगी का मामला अब नया मोड़ ले रहा है। जेल में बंद सूर्यकांत और शशिकांत मौर्य पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की तैयारी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 September 2026, 2:21 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली चिटफंड कंपनियों के जरिये हजारों निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में जेल भेजे गए सगे भाई सूर्यकांत मौर्य और शशिकांत मौर्य की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं। पुलिस अब दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है। दोनों भाइयों पर बदायूं और बरेली में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि अलग-अलग कंपनियां खोलकर करीब 35 हजार लोगों से लगभग 800 करोड़ रुपये की ठगी की गई।

बदायूं के पांच मुकदमों में पहले पूरी होगी कार्रवाई

एसएसपी अंकिता शर्मा के मुताबिक सूर्यकांत और शशिकांत के खिलाफ बदायूं में पांच और बरेली में चार मुकदमे दर्ज हैं। बदायूं कोतवाली में दर्ज तीन मामलों की विवेचना पूरी कर पुलिस न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। दो अन्य मामलों की विवेचना अभी चल रही है। इनकी जांच पूरी होने और चार्जशीट दाखिल होने के बाद दोनों भाइयों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- दिहाड़ी बचाने के लिए यूटेरस कटवाने को मजबूर महिलाएं, पढ़ें गन्ने की मिठास के पीछे की खौफनाक सच्चाई

लखनऊ के फ्लैट से पकड़े गए थे दोनों भाई

सात सितंबर को बदायूं पुलिस ने एसटीएफ गौतमबुद्धनगर के साथ संयुक्त कार्रवाई कर दोनों भाइयों को लखनऊ के आलमबाग स्थित एक फ्लैट से गिरफ्तार किया था। अगले दिन उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उनके पास से लैपटॉप, डायरी और अन्य उपकरण भी बरामद किए थे।

बदायूं से बरेली तक खोली थीं कंपनियां

पुलिस के मुताबिक बदायूं के अशोक सम्राट नगर निवासी शशिकांत मौर्य और सूर्यकांत मौर्य ने शहर के जालंधरी सराय में अमर ज्योति कंपनी लिमिटेड रजिस्टर्ड और अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड नाम से कंपनियां संचालित की थीं। इसके अलावा बरेली के कटरा चांद खां में अमर ज्योति रुहेलखंड और अमर ज्योति हायर परचेज नाम से कंपनियां खोली गई थीं। आरोप है कि इन कंपनियों के माध्यम से लोगों से निवेश कराया गया और बाद में रकम वापस नहीं की गई। मामला सामने आने के बाद दोनों भाई फरार हो गए थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हाईकोर्ट में खुद को दिवालिया घोषित कराने का प्रयास भी किया था।

बरेली लाने की तैयारी

बरेली पुलिस भी अब सूर्यकांत और शशिकांत से जुड़े मामलों में कार्रवाई तेज कर रही है। दोनों को बी वारंट पर बरेली लाने के लिए न्यायालय में अर्जी दाखिल की गई है। इस मामले में सोमवार को सीजेएम कोर्ट में सुनवाई होने की संभावना है।

 ये भी पढ़ें- ‘ड्यूटी की सीमा पार करना’ नहीं चलेगा… पुलिस पिटाई पर Allahabad High Court की सख्त टिप्पणी

तीसरे भाई और अन्य आरोपियों की भी तलाश

पुलिस तीसरे भाई श्रीकांत, सूर्यकांत की पत्नी अर्चना मौर्य और विशुकांत की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इसके साथ ही बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर और उत्तराखंड में आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है। संपत्तियों का ब्योरा जुटने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है।

Location :  Bareilly

Published :  12 September 2026, 2:21 PM IST

Related News

Advertisement