हिंदी
चंद्रशेखर आजाद और उनकी पूर्व प्रेमिका डॉ. रोहिणी घावरी (Image: Dynamite News)
Nagina News: नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद से जुड़े विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। चंद्रशेखर की पूर्व प्रेमिका होने का दावा करने वाली डॉ. रोहिणी घावरी करीब 6 साल बाद स्विट्जरलैंड से भारत लौट आई हैं। भारत पहुंचते ही उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए चंद्रशेखर पर निशाना साधा और कहा कि वह डरकर घर बैठने वालों में से नहीं हैं। रोहिणी ने यह भी कहा कि अगर उनके साथ कुछ होता है तो इसके लिए नगीना सांसद और भीम आर्मी जिम्मेदार होगी।
डॉ. रोहिणी घावरी इंदौर की रहने वाली हैं। मध्य प्रदेश सरकार की फेलोशिप के तहत उन्हें स्विट्जरलैंड में पढ़ाई का मौका मिला था। वहीं उन्होंने पीएचडी की और ‘जनपॉवर’ नाम से एक एनजीओ भी बनाया। इसी दौरान उनकी मुलाकात भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद से होने का दावा किया जाता है। रोहिणी के मुताबिक, दोनों करीब तीन साल तक रिलेशनशिप में रहे।
पिछले साल रोहिणी ने चंद्रशेखर पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला आयोग में शिकायत की थी। उनका दावा था कि चंद्रशेखर ने अपनी शादी की बात उनसे छिपाई और शादी का भरोसा देकर उनका शारीरिक शोषण किया। रोहिणी का आरोप था कि चंद्रशेखर के नगीना से सांसद बनने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आया और उन्होंने उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी। रोहिणी ने यह भी दावा किया कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। दूसरी तरफ, चंद्रशेखर और उनके समर्थकों की ओर से रोहिणी के खिलाफ FIR दर्ज कराए जाने की बात भी सामने आई थी।
शुक्रवार को भारत लौटने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर कई लोगों ने रोहिणी का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वह अपने सम्मान और न्याय की लड़ाई जारी रखेंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बाबा साहेब अंबेडकर को मानने वाला व्यक्ति न्यायप्रिय है तो उनके साथ हुए कथित अन्याय के खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाई गई।
रोहिणी ने दिल्ली, गुरुग्राम, मेरठ, लखनऊ और इंदौर जाने का कार्यक्रम भी जारी किया है। वह 13 सितंबर को मेरठ और 14-15 सितंबर को लखनऊ में रहेंगी। उन्होंने कहा कि यह देश उनका भी है और वह अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों से मिलेंगी और सामाजिक बैठकें करेंगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि वह डरकर घर नहीं बैठेंगी और अगर उनके साथ कोई घटना होती है तो उसके लिए चंद्रशेखर और भीम आर्मी को जिम्मेदार माना जाए।
Location : Nagina
Published : 12 September 2026, 2:10 PM IST