हिंदी
महिला का फाइल फोटो (Image: Social Media)
Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक लव मैरिज का दर्दनाक अंत हुआ है। शादी के महज छह महीने बाद 25 साल की आकृति सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि दहेज में स्कॉर्पियो नहीं मिलने पर पति और ससुराल के लोग आकृति को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि मारपीट के बाद उसे दूसरी मंजिल से नीचे धकेल दिया गया। गंभीर हालत में चार दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आकृति की मौत हो गई। घटना के बाद पति, सास-ससुर और दोनों ननद घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पांचों के खिलाफ FIR दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मामला मुरादनगर थाना क्षेत्र का है। मृतका के भाई प्रभात के मुताबिक, 20 फरवरी को आकृति की शादी गौरव से तय हुई थी। आरोप है कि उस समय गौरव के परिवार ने 30 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो की मांग की थी। परिवार ने इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, जिसके बाद शादी टूट गई। मामले में थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था।
शादी टूटने के बाद भी गौरव और आकृति फोन पर लगातार संपर्क में रहे। करीब दो महीने बाद दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद गौरव आकृति को अपने घर ले गया। शुरुआत में ससुराल वाले नाराज रहे, लेकिन बाद में परिवार ने दोनों की शादी स्वीकार कर ली।
आकृति के भाई का आरोप है कि कुछ समय बाद गौरव ने दोबारा स्कॉर्पियो की मांग शुरू कर दी। वह आकृति से मायके से गाड़ी लाने का दबाव बनाता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। प्रभात के मुताबिक, 7 सितंबर को आकृति ने फोन कर बताया था कि ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
भाई के मुताबिक, आकृति से बात होने के कुछ देर बाद गौरव ने फोन करके बताया कि वह छत से नीचे गिर गई है। परिवार तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां आकृति गंभीर हालत में भर्ती थी। इस घटना का एक वीडियो भी शनिवार को सामने आया है, जिसमें रात के वक्त महिला छत से नीचे गिरती दिखाई दे रही है। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले जाते नजर आते हैं। हालांकि, महिला किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
आकृति की मौत के बाद मायके वालों ने मुरादनगर थाने में पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज और दोनों ननद सोनी व नेहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। DCP देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी के मुताबिक, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
Location : Ghaziabad
Published : 12 September 2026, 2:13 PM IST