

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में नगर निगम की नींद तब टूटी जब बकाया टैक्स की राशि 500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
अलीगढ़ नगर निगम की सख्ती
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में नगर निगम की नींद तब टूटी जब बकाया टैक्स की राशि 500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई। अब निगम ने इसे गंभीर चुनौती मानते हुए टैक्स वसूली के लिए सख्त कदम उठाने का ऐलान कर दिया है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने खुद मोर्चा संभालते हुए शहरवासियों से अपील की है कि वे समय पर टैक्स जमा करें, नहीं तो नोटिस और जुर्माना तय है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, यह निर्णय मंगलवार को अलीगढ़ में नगर निगम की समीक्षा बैठक में लिया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के 4.5 लाख घरों पर टैक्स बकाया है, जो अब साढ़े 500 करोड़ तक जा पहुंचा है।
नगर आयुक्त का कहना है कि सरकारी योजनाओं और शहरी सुविधाओं को लागू करने के लिए फंड की आवश्यकता होती है। जब टैक्स नहीं आता, तो साफ-सफाई, जलनिकासी, सड़क मरम्मत जैसी सेवाएं प्रभावित होती हैं। जनता को बेहतर सेवाएं तभी मिल सकती हैं जब वह अपने कर्तव्य यानी टैक्स का भुगतान समय से करें।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि अब जिन क्षेत्रों को नगर निगम सीमा में जोड़ा गया है, उन्हें भी टैक्स दायरे में लाया जाएगा। बकाया जमा न करने पर पहले नोटिस भेजे जाएंगे, फिर जुर्माना वसूला जाएगा। नगर आयुक्त ने दो टूक कहा“अब जो भी टैक्स नहीं देगा, उससे नियम अनुसार सख्ती से वसूली की जाएगी।”
समय पर टैक्स मिलने से नगर निगम को अपने कार्यों में तेजी लाने में मदद मिलेगी। इससे आम नागरिकों को सरकार की विकास योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। नगर निगम की यह सख्ती अब अलीगढ़ की सड़कों से लेकर हर घर तक महसूस की जाएगी। सवाल ये है—क्या शहरवासी समय रहते चेतेंगे, या फिर नोटिस की घंटी उनके दरवाज़े पर दस्तक देगी?
Accident in Barabanki: बाराबंकी में अचानक तेज धमाके की गूंज, मां-बेटे की चीखें सुन दहल उठा गांव