अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा ‘गिद्ध पार्टी’ है, महिला आरक्षण को लेकर बोली ये बड़ी बात

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने महिला आरक्षण, एजेंसियों के दुरुपयोग और किसानों की स्थिति पर सरकार को घेरा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा जनता को भ्रमित कर रही है और चुनावी सर्वे पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 25 April 2026, 9:04 PM IST
google-preferred

Lucknow: राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भाजपा को ‘गिद्ध पार्टी’ तक कह दिया और कई गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा हर घटना को जातीय रंग देकर समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के आरक्षण जैसे मुद्दों पर भी जनता को गुमराह किया जा रहा है।

महिला आरक्षण पर बड़ा बयान

अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में लोकसभा से पास हो चुका है और नोटिफाई भी हो गया है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा उसे जमीन पर लागू करने में गंभीर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी भाजपा आधी आबादी के साथ झूठ बोलकर राजनीति कर रही है और महिलाओं को अधिकार देने के नाम पर केवल भ्रम फैलाया जा रहा है।

एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इन एजेंसियों के जरिए विपक्षी दलों पर दबाव बनाया जाता है और लालच देकर या डराकर पार्टियों में टूट कराई जाती है। उन्होंने हाल ही में कुछ राजनीतिक घटनाओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह सब एक रणनीति के तहत किया जा रहा है।

गाजीपुर का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने गाजीपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक गरीब बेटी की मौत के मामले में भी राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़े साफ बताते हैं कि भाजपा शासन में महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं, लेकिन सरकार इस पर गंभीर नहीं है।

किसान मुद्दा पर क्या बोले अखिलेश यादव

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गाजियाबाद के विजन इंडिया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि किसान लगातार परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के स्मार्ट मीटर को लोग उखाड़कर फेंक रहे हैं क्योंकि वे इससे परेशान हैं। उन्होंने वादा किया कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो स्मार्ट गांव बनाए जाएंगे और किसानों को भरपूर सब्सिडी दी जाएगी और साथ ही फसल नुकसान की पूरी भरपाई भी होगी।

आने वाले चुनाव में जनता ही बदलाव का फैसला करेगी

चुनाव और सर्वे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सावधान रहना चाहिए, क्योंकि सर्वे चुनाव नहीं जिताते। उन्होंने कहा कि अभी कई और सर्वे आएंगे लेकिन सच्चाई बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता ही तय करेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत है और आने वाले चुनाव में जनता ही बदलाव का फैसला करेगी।

Location :  Lucknow

Published :  25 April 2026, 9:04 PM IST

Related News

Advertisement