अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, कहा- नियम कानून बदलकर चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचा रही सरकार

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर “एक देश-एक कारोबारी” नीति के तहत एकाधिकार बढ़ाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ता, श्रमिक, किसान और पीडीए समाज को नुकसान होगा। साथ ही उन्होंने दिल्ली-एनसीआर के पर्यावरण संरक्षण के लिए अरावली पर्वतमाला को बचाने का आह्वान किया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 December 2025, 5:06 AM IST
google-preferred

Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “एक देश-एक कारोबारी” भाजपा सरकार का गोपनीय एजेंडा है। अखिलेश यादव के अनुसार, भाजपा “एक का धंधा, एक से चंदा” के सिद्धांत पर काम कर रही है और देश के तमाम कारोबारों को चुनिंदा लोगों के हाथों में सौंपने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

एकाधिकार को बताया देश के लिए घातक

अखिलेश यादव ने अपने जारी बयान में कहा कि किसी भी क्षेत्र में एकाधिकार की भावना समाज और देश दोनों के लिए घातक होती है। उन्होंने कहा कि चाहे वह राजनीतिक क्षेत्र हो, आर्थिक ढांचा हो या सामाजिक वर्चस्व-एकाधिकार हमेशा लोकतंत्र और समान अवसरों को नुकसान पहुंचाता है।

मेरठ के काले कोट पर आया अखिलेश यादव का दिल, सैफई आवास पर पहुंचे वेस्ट यूपी के टेलर, जानें पूरा मामला

औद्योगिक घरानों को लेकर गंभीर आरोप

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से अन्य औद्योगिक घरानों को कमजोर कर रही है, ताकि देश की अधिकांश आर्थिक गतिविधियां कुछ गिने-चुने लोगों के हाथों में सिमट जाएं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया देश की प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था के लिए खतरनाक संकेत है।

नियम-कानून बदलने का आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि एकाधिकारवादी कंपनियों के फायदे के लिए नियम-कानूनों में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके चलते उपभोक्ताओं से मनमानी वसूली होगी और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उनका कहना था कि सरकार की नीतियां आम नागरिकों के हितों के खिलाफ जा रही हैं।

श्रमिकों और किसानों के शोषण की आशंका

सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस व्यवस्था में श्रमिकों से कम वेतन में अधिक काम कराया जाएगा और उनका शोषण बढ़ेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसानों की आवाज को अनसुना किया जा रहा है। साथ ही पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के हितों की भी लगातार अनदेखी हो रही है।

बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या के विरोध में बरेली में आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग; हत्यारों को सजा की मांग

अरावली बचाओ का दिया संदेश

राजनीतिक बयान के साथ-साथ अखिलेश यादव ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी अहम अपील की। उन्होंने कहा, “बची रहे जो अरावली, तो दिल्ली रहे हरीभरी।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अरावली को बचाना कोई विकल्प नहीं, बल्कि एक सामूहिक संकल्प होना चाहिए।

एनसीआर के लिए अरावली को बताया ढाल

अखिलेश यादव ने कहा कि अरावली पर्वतमाला दिल्ली और एनसीआर के लिए एक प्राकृतिक सुरक्षा कवच है। यदि अरावली सुरक्षित रहेगी, तभी दिल्ली और आसपास के क्षेत्र रहने लायक बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि अरावली पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है।

पर्यावरण और भविष्य की चेतावनी

सपा प्रमुख ने चेताया कि यदि अरावली का संरक्षण नहीं किया गया, तो प्रदूषण, तापमान और जल संकट जैसी समस्याएं और गंभीर हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि अरावली ही वह प्राकृतिक ढाल है जो दिल्ली को प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचा सकती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित कर सकती है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 22 December 2025, 5:06 AM IST

Advertisement
Advertisement