हिंदी
अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला (Img- X)
Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञापन खर्च को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनता के टैक्स के करीब 7,000 करोड़ रुपये अपनी छवि चमकाने में खर्च किए, जबकि प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता थी।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपनी "झूठी छवि को सच्ची दिखाने" के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं। सपा प्रमुख ने इसे प्रदेश के लिए "अवांछनीय और निंदनीय" बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज भी गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दों जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि यदि यही राशि शिक्षा क्षेत्र में खर्च की जाती तो 'केजी से पीजी और रिसर्च' तक की दो-तीन विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित की जा सकती थीं। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के बच्चों और युवाओं का भविष्य बेहतर होता। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और युवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
Akhilesh Yadav पर बयानबाजी से भड़के सपाई, देवरिया में राजभर के दौरे के दौरान जोरदार प्रदर्शन
इससे पहले 6 अगस्त को भी अखिलेश यादव ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर योगी सरकार पर तंज कसा था। उन्होंने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, "भाजपाई तरक्की की नई हवा।" वीडियो में मरम्मत के दौरान सड़क को पंखों से सुखाते हुए दिखाया गया है।
सपा प्रमुख ने कहा कि जिस एक्सप्रेसवे का कुछ ही दिन पहले उद्घाटन हुआ हो, उसे बार-बार मरम्मत की आवश्यकता पड़ना निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सवाल किया कि जब सड़क उद्घाटन के कुछ सप्ताह के भीतर ही कई बार मरम्मत मांग रही है, तो उस पर तेज रफ्तार से सफर करने का जोखिम कौन उठाएगा।
Location : Lucknow
Published : 7 August 2026, 4:27 PM IST