हिंदी
सीटों से ज्यादा गठबंधन की जीत पर दिया जोर
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अहम संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं या कौन सी सीट किसके हिस्से में जाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब मकसद स्पष्ट होता है तो साथ मिलकर चलना आसान होता है। उन्होंने गठबंधन के सभी दलों से साझा प्रयास के जरिए जीत सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने दोहराया, 'बात सीट की नहीं, जीत की है।' उनके मुताबिक यह जीत केवल गठबंधन में शामिल राजनीतिक दलों की नहीं होगी, बल्कि उन सभी लोगों की संयुक्त कोशिश की जीत होगी जो अपने-अपने स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: UP Assembly Election 2027: अजय राय को दरकिनार कर कांग्रेस कर रही हर वर्ग को साधने की कोशिश?
अपने संदेश में अखिलेश यादव ने सांप्रदायिकता, लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रयास का उद्देश्य सांप्रदायिकता को दोबारा सिर न उठाने देना और लोकतंत्र, संविधान तथा आरक्षण पर 'भाजपाई आंच' न आने देना है।
उन्होंने देश में सौहार्द बनाए रखने और तरक्की एवं खुशहाली को आगे बढ़ाने की बात भी कही।
मक़सद जब साफ़ हो तो हाथ-में-हाथ होता है निगाह मंज़िल पर हो तो सफ़र आसान होता है! बात बड़ी ये नहीं है कि गठबंधन में कितनी सीटें या कौन सी सीट किसके पास जा रही है बात बड़ी ये है कि हम सबको ये सुनिश्चित करना है कि जीत गठबंधन की हो। फिर दोहराते हैं : बात सीट की नहीं जीत की है। ये जीत हमारे गठबंधन के दलों से बढ़कर हम सबकी उस संयुक्त कोशिश की जीत होगी जो इसलिए लगातार संघर्षरत है कि साम्प्रदायिकता फिर कभी सिर न उठा सके और लोकतंत्र-संविधान-आरक्षण पर भाजपाई आंच न आए और देश का सौहार्द फिर से खिलखिलाए, देश की तरक़्क़ी और ख़ुशहाली फिर से मुस्कुराए। जय संविधान-जय हिंदुस्तान!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 4, 2026
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संभावित गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत का दौर आगे बढ़ना है, जबकि अंतिम सीट फार्मूला अभी सार्वजनिक नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के मामले में विजिलेंस जांच के आदेश, 20 साल पुराने केस की फिर खुलेगी फाइल
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के अंत में 'जय संविधान-जय हिंदुस्तान!' लिखा। उनके संदेश में गठबंधन की एकजुटता, लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण, सामाजिक सौहार्द और विकास को प्रमुख मुद्दों के तौर पर रखा गया है।
Location : Lucknow
Published : 4 October 2026, 1:09 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav Samajwadi Party UP News