हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img: Google)
Agra: आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के नौ की सराय इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों पर भरोसा करने वालों को डरा दिया है। यहां एक विधवा महिला के साथ उन्हीं लोगों ने ऐसा खेल खेला, जिन्हें वह अपना सबसे करीबी मानती थीं।
पति की मौत के बाद अकेलेपन में जी रही कमलेश कुमारी को क्या पता था कि जिस रात उनके रिश्तेदार उनके घर मेहमान बनकर आएंगे, वही रात उनकी जिंदगी की सबसे डरावनी रात बन जाएगी।
कमलेश के अनुसार, 14 नवंबर 2025 की रात उनके भाई किशनपाल अपने बेटों पवन और अमन के साथ घर पहुंचे। उनके साथ बलजीत उर्फ सत्यम नाम का युवक भी था। परिवार का रिश्ता होने के कारण महिला ने सभी को घर में रुकवाया। रात सामान्य तरीके से बीती लेकिन उस रात चुपचाप ऐसा खेल खेला गया, जिसकी भनक महीनों तक किसी को नहीं लगी।
आरोप है कि रात के अंधेरे में महिला का ATM कार्ड बदल दिया गया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर खाते से धीरे-धीरे लाखों रुपये निकाले जाते रहे। महिला को इस बात का अंदाजा तक नहीं हुआ कि उनके बैंक खाते से पैसे गायब हो रहे हैं।
16 अप्रैल 2026 को जब उनका बेटा सुखवीर पासबुक अपडेट कराने बैंक पहुंचा, तो खाते की एंट्री देखकर उसके होश उड़ गए। खाते से करीब साढ़े छह लाख रुपये निकाले जा चुके थे। यह वही पैसा था, जो महिला को पति की मौत के बाद मिलने वाली पारिवारिक पेंशन के रूप में जमा हुआ था।
आगरा कॉलेज भर्ती घोटाला: 66 संविदा नियुक्तियों में अनियमितता, पांच पूर्व प्राचार्यों पर विजिलेंस केस
सबसे डरावनी बात तब हुई जब महिला ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की। पहले तो उन्होंने बहाने बनाए, फिर अचानक सभी मोबाइल फोन बंद हो गए। जैसे कोई साया रातों-रात गायब हो गया हो।
पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने पुलिस में शिकायत की बात कही, तो आरोपी सत्यम ने WhatsApp पर मैसेज भेजकर पैसे लौटाने का भरोसा दिया। लेकिन एक महीना बीत जाने के बाद भी न पैसे लौटे और न ही आरोपी सामने आए।
अब इस पूरे मामले में खंदौली थाने में FIR दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इलाके में इस घटना को लेकर डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है। रिश्तों की आड़ में हुई इस धोखाधड़ी ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर भरोसा किया जाए तो किस पर।
Location : Lucknow
Published : 14 May 2026, 1:18 PM IST