हिंदी
राम जी का 7 किलो का चांदी का मुकुट बना खास आकर्षण (Img: AI Generated Image)
Agra News: आगरा में निकलने वाली उत्तर भारत की प्रसिद्ध राम बरात इस बार कई खास आकर्षणों के साथ सजकर तैयार है। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की गूंज के बीच निकलने वाली इस बरात में 168 झांकियां शामिल होंगी। इनमें देश के अलग-अलग हिस्सों के मंदिरों, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक संदेशों को आकर्षक अंदाज में पेश किया जाएगा।
बरात की अगुवाई रजत रथ पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी करेंगे। इसके बाद गोवर्धन लीला, तिरुपति बालाजी, सांवरिया सेठ, सालासर बालाजी, श्रीनाथजी, वैष्णो देवी और भगवान जगन्नाथ समेत कई धार्मिक झांकियां देखने को मिलेंगी।
श्रीराम लीला कमेटी के अनुसार शुरुआती पांच झांकियां भगवान गणेश को समर्पित रहेंगी। इनमें करीब आठ फुट ऊंचे गणेश जी हाथ जोड़कर बरात का स्वागत करते नजर आएंगे। उत्तराखंड, महाराष्ट्र, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और राजस्थान की धार्मिक एवं सांस्कृतिक झलक भी झांकियों के जरिए दिखाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- देवरिया में प्रशासनिक सख्ती: आईजीआरएस और राजस्व वसूली में लापरवाही पर 11 अधिकारियों पर गिरी गाज
गोवर्धन लीला की झांकी में पर्वत और सरोवर का दृश्य बनाया गया है, जबकि सांवरिया सेठ की झांकी भक्ति का रंग बिखेरेगी। तिरुपति बालाजी की झांकी को फलों से सजाया जाएगा। सालासर बालाजी, श्रीनाथजी, पीतांबरी देवी, वैष्णो देवी, जगन्नाथ और नीब करौरी बाबा के स्वरूप भी बरात का हिस्सा होंगे।
इस बार बरात में चारों भाइयों, श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का विशेष श्रृंगार भी देखने को मिलेगा। शृंगार कमेटी पिछले दो महीनों से इसकी तैयारी में जुटी है। भगवान श्रीराम के लिए करीब सात किलो वजन का रजत मुकुट तैयार किया गया है। इसमें सूर्य चिह्न, जयपुर से लाई गई विशेष कलगी, भगवान विष्णु के पांच आयुध और नृत्य करते मोर की आकृति बनाई गई है। श्रीराम पीतांबरी शेरवानी और मैरुन रंग की सजावट वाली पोशाक में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें- रायबरेली में कांग्रेस का ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान, ऊंचाहार के गांवों में गूंजी चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
वहीं लक्ष्मण जी का करीब साढ़े छह किलो का चांदी का मुकुट तैयार किया गया है। इसमें शेषनाग की आकृतियों के साथ रत्न भी लगाए गए हैं।
बरात में विशाल बजरंग बली का स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर चलता-हिलता डायनासोर बच्चों और युवाओं को खासा आकर्षित कर सकता है। फिल्मी दृश्यों और कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियां भी बरात की भव्यता बढ़ाएंगी। आयोजकों ने बताया कि झांकियां सड़क पर नाचते हुए नहीं चलेंगी। केवल मां काली का अखाड़ा अपनी पारंपरिक प्रस्तुति के साथ आगे बढ़ेगा।
राम बरात रावतपाड़ा से शुरू होगी। सभी झांकियां दरेसी नंबर एक पर एकत्र होंगी और वहां से तय क्रम में आगे बढ़ेंगी। आयोजकों का लक्ष्य है कि रात करीब 11 बजे तक सभी झांकियां बेलनगंज पहुंच जाएं।बरात के दौरान आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए हेल्प आगरा की दो एंबुलेंस भी साथ रहेंगी। यानी इस बार राम बरात में भक्ति, संस्कृति, सजावट और सामाजिक संदेश, सब कुछ एक साथ देखने को मिलेगा।
Location : Agra
Published : 6 October 2026, 4:38 PM IST
Topics : Agra news Ram Barat Ram Leela Sanatan tradition