हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो: Pinterest)
Agra: एक फर्जी पहचान, दोस्ती का झांसा, कथित ब्लैकमेल और आखिर में एक मासूम जिंदगी का दर्दनाक अंत। आगरा के शमसाबाद कस्बे में 16 वर्षीय छात्रा की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का आरोप है कि फिरोजाबाद निवासी युवक ने खुद को 'राहुल' बताकर छात्रा से दोस्ती की, बाद में उसका असली नाम फैजान निकला। आरोप है कि उसने छात्रा के फोटो और वीडियो अपने पास रखकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव से परेशान छात्रा ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
परिजनों के मुताबिक, कुछ महीने पहले छात्रा अपनी एक सहेली की शादी में गई थी। वहीं उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम राहुल बताया। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों की पहचान बढ़ने लगी। परिवार का आरोप है कि बाद में पता चला कि युवक का असली नाम फैजान है और वह फिरोजाबाद का रहने वाला है।
परिजनों का आरोप है कि दोस्ती के दौरान युवक ने छात्रा के फोटो और वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। बाद में उसने इन्हीं फोटो और वीडियो के जरिए छात्रा पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वह छात्रा को लगातार फोन करता था और मिलने के लिए दबाव डालता था। मना करने पर फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था।
परिजनों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले छात्रा ने हिम्मत जुटाकर परिवार को पूरी घटना बताई। उसने बताया कि युवक लगातार उसे परेशान कर रहा है और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। परिवार इस मामले को लेकर आगे क्या कदम उठाए, इसकी तैयारी ही कर रहा था कि उससे पहले यह दर्दनाक घटना हो गई।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी इस घटना की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होती या छात्रा को मानसिक सहयोग मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी फैजान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Location : Agra
Published : 4 August 2026, 12:19 PM IST