मुंह से गर्दन तक खून, टूटी चारपाई और बिखरी चूड़ियां… बेटी की आखिरी जंग की दर्दनाक कहानी

आगरा के जैतपुर में प्रेम विवाह से नाराज पिता पर अपनी बेटी अंकिता की हत्या का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गुस्से में बेटी की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। घटना के समय पड़ोसियों ने चीखें सुनीं और पुलिस को सूचना दी। मौके से खून, टूटी चारपाई और बिखरी चूड़ियां मिलीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 August 2026, 12:41 PM IST
google-preferred

Agra: जिस पिता ने बेटी को उंगली पकड़कर चलना सिखाया, उसी पर उसकी जिंदगी छीन लेने का आरोप है। आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। कमरे के अंदर खून से लथपथ बेटी, गले में रस्सी और दुपट्टे का फंदा, फर्श पर बिखरी टूटी चूड़ियां और पूरी तरह तहस-नहस चारपाई... यह सब इस बात की गवाही दे रहा था कि युवती ने आखिरी सांस तक खुद को बचाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता ने प्रेम विवाह से नाराज होकर बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। मामले की जांच जारी है।

आधी रात चीखों से टूटी पड़ोसियों की नींद

रविवार रात करीब एक बजे अचानक मोहल्ले में एक घर से तेज चीखें सुनाई दीं। पड़ोसी अनुज कुमार की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि आवाजें विमल शर्मा के घर से आ रही थीं। कुछ ही देर में आसपास के लोग भी घर के बाहर जमा हो गए। सभी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी दौरान घर की लाइटें बंद हो गईं। कुछ लोगों ने छत पर हलचल भी देखी। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।

पुलिस पहुंची तो सामने आया खौफनाक दृश्य

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आने के बाद घर का दरवाजा खोला गया। आरोप है कि पिता पुलिस और पड़ोसियों को छत पर बने कमरे तक ले गया। कमरे के अंदर का नजारा बेहद दर्दनाक था। अंकिता अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसके मुंह से लेकर गर्दन तक खून फैला हुआ था। गले में रस्सी और दुपट्टे का फंदा कसा हुआ था। फर्श पर टूटी चूड़ियां बिखरी थीं और लोहे की चारपाई पूरी तरह टूट चुकी थी। पुलिस तुरंत युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आगरा में मरने के बाद जिंदा हुई महिला, अंतिम संस्कार में बोली- अरे कहां ले जा रहे मुझे, मैं जिंदा हूं…

पुलिस के मुताबिक पिता ने कबूला जुर्म

घटना के बाद पड़ोसी की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रेम विवाह से नाराज होकर बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

रेलवे परीक्षा देने वाली थी अंकिता

पड़ोसियों के मुताबिक अंकिता पढ़ाई में काफी होनहार थी। वह रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। सोमवार तड़के उसे परीक्षा देने के लिए आगरा जाना था, लेकिन परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई।

प्रेम विवाह के बाद घर में बढ़ गया था विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार अंकिता के प्रेम विवाह के बाद परिवार में लगातार विवाद चल रहा था। आए दिन घर से झगड़े की आवाजें सुनाई देती थीं। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार का व्यवहार भी पिछले कुछ समय से बदल गया था।

पहले सांप-भालू, अब 10 तेंदुओं की खाल… आगरा में किस बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटीं एजेंसियां?

आखिरी सांस तक खुद को बचाने की कोशिश

घटनास्थल की तस्वीरें और वहां की स्थिति यह इशारा करती हैं कि अंकिता ने खुद को बचाने के लिए पूरी ताकत लगाई होगी। टूटी चारपाई, फर्श पर बिखरी चूड़ियां और कमरे में संघर्ष के निशान इस बात की ओर संकेत करते हैं कि उसने आखिरी पल तक विरोध किया।

जुटाए जा रहे साक्ष्य

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Agra

Published :  4 August 2026, 12:41 PM IST

Advertisement