हिंदी
महराजगंज पुरंदरपुर गोलीकांड (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा में हुए गोलीकांड में युवक जीशान हास्मी की मौत के बाद पुलिस ने अब तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता युसुफ हास्मी की तहरीर पर अमन, सवीर अहमद और प्रदीप जायसवाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और गोलीकांड के पीछे की पूरी वजह जानने में जुटी है।
बताया गया कि बृहस्पतिवार रात समरधीरा क्षेत्र में कुछ युवक एक साथ मौजूद थे। इसी दौरान गोली चलने से 17 वर्षीय जीशान हास्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान जीशान की मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छह बहनों के बीच इकलौते भाई की मौत से घर में मातम पसरा है।
जीशान की मौत के बाद उसके पिता युसुफ हास्मी ने पुरंदरपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अमन, सवीर अहमद और प्रदीप जायसवाल के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 223/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मुकदमे में बीएनएस की धारा 109(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है। तहरीर में मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि जीशान के दोस्तों ने उसे जान से मारने की नीयत से गोली मारी।
परिजनों के मुताबिक, जीशान को उसके कुछ दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद समरधीरा स्थित एक रेस्टोरेंट में गोली चलने की घटना हुई। परिजनों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर रेस्टोरेंट में ऐसा क्या हुआ कि अचानक गोली चल गई और जीशान की जान चली गई। परिवार घटना की पूरी सच्चाई सामने आने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
मामले में पुलिस ने तीनों नामजद युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किसने चलाई, हथियार किसके पास था और घटना के पीछे क्या वजह थी। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
जीशान की मौत के बाद पुलिस मामले को कई एंगल से देख रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों की भूमिका, गोली चलने की परिस्थितियां और आरोपियों के बीच संबंध समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Location : Maharajganj
Published : 18 September 2026, 7:33 PM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Maharajganj Crime shooting case UP Crime News Zeeshan Hashmi