‘उसे मारकर खेत में दफना दिया…’ प्रेमी के एक फोन ने खोला राज, 17 साल की किशोरी की हत्या के शक में परिजन फरार

बरेली में प्रेम प्रसंग के चलते 17 वर्षीय किशोरी की हत्या कर शव खेत में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कई दिनों तक किशोरी के लापता रहने के बाद उसके प्रेमी ने एसएसपी को फोन कर हत्या और शव दफनाने की जानकारी दी। पुलिस जांच में कई आरोप सही पाए गए। शक गहराते ही परिवार के सदस्य फरार हो गए, जबकि पुलिस ने किशोरी के चाचा को हिरासत में लिया है। मंगलवार को शव खेत से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 18 August 2026, 1:21 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली में एक किशोरी की प्रेम कहानी का कथित तौर पर ऐसा खौफनाक अंत हुआ कि पूरा मामला सुनकर हर कोई हैरान है। आरोप है कि परिवार को बेटी का पड़ोस के युवक से प्रेम करना इतना नागवार गुजरा कि उसकी हत्या कर दी गई और शव को चोरी-छिपे खेत में दफना दिया गया। कई दिनों तक परिवार की ओर से किशोरी की गुमशुदगी तक दर्ज नहीं कराई गई। मामले का राज तब खुला जब किशोरी के प्रेमी ने खुद एसएसपी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी।

28 जुलाई से लापता थी किशोरी

पुलिस के मुताबिक, अलीगंज थाना क्षेत्र के अनिरुद्धपुर गौटिया गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी कक्षा 10 की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि उसका पड़ोस के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार को जब दोनों के बीच संबंधों की जानकारी हुई तो उन्होंने किशोरी को युवक से दूर रहने के लिए कहा। आरोप है कि परिवार के लोगों ने उसे युवक के साथ देखे जाने पर मारपीट भी की थी। इसके बावजूद किशोरी ने उससे दूरी नहीं बनाई। इसके बाद 28 जुलाई से किशोरी अचानक लापता हो गई।

प्रेमी ने एसएसपी को फोन कर खोला राज

कई दिनों तक किशोरी का कोई पता नहीं चला तो उसके प्रेमी ने पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क करने का फैसला किया। उसने एसएसपी को फोन कर बताया कि किशोरी की हत्या कर दी गई है और उसका शव खेत में दफना दिया गया है। प्रेमी ने पुलिस के सामने इसे कथित ऑनर किलिंग का मामला बताया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के स्तर से मामले की जांच कराई गई।

बरेली में खूंखार कुत्तों का आतंक: 6 साल की मासूम को नोचकर मार डाला, 100 मीटर तक घसीटते रहे

पुलिस पहुंची तो घर छोड़कर भागा परिवार

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पुलिस का शक और गहरा होता गया। पुलिस टीम जब किशोरी के परिवार तक पहुंची तो परिवार के कई सदस्य घर से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में किशोरी के चाचा को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और हत्या की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

खेत में दफन है किशोरी का शव

पुलिस के मुताबिक, किशोरी के शव को खेत में दफन किए जाने की सूचना मिली है। शव को बाहर निकालने के लिए प्रशासनिक अनुमति भी मिल गई है। सोमवार देर शाम पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन बारिश और अंधेरा होने के कारण खुदाई कर शव निकालने का काम नहीं हो सका। अब मंगलवार को खेत से शव निकाला जाएगा।

गला दबाकर हत्या का शक

पुलिस की अब तक की पूछताछ में किशोरी की गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं मान रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किशोरी की मौत किस तरीके से हुई और उसके साथ हत्या से पहले या बाद में किसी तरह की हिंसा हुई थी या नहीं।

WhatsApp ग्रुप, फर्जी ट्रेडिंग और लाखों की चपत, बरेली पुलिस ने साइबर ठगों के चंगुल से निकाली पीड़ित की गाढ़ी कमाई

कई तथ्य सही पाए गए

एसपी साउथ अंशिका वर्मा के मुताबिक, किशोरी के प्रेमी ने हत्या कर शव खेत में दफन किए जाने की सूचना दी थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की तो कई तथ्य सही प्रतीत हुए। उन्होंने बताया कि किशोरी 28 जुलाई से लापता थी, लेकिन परिवार की ओर से गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई गई थी। जांच के दौरान परिवार के सदस्यों के फरार होने और पूछताछ में सामने आए तथ्यों से पुलिस का शक और मजबूत हुआ।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 17 साल की किशोरी की हत्या आखिर किसने और क्यों की? क्या प्रेम प्रसंग ही हत्या की वजह बना या इसके पीछे कोई और कारण भी था? पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। शव बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच को निर्णायक दिशा मिलने की उम्मीद है। पुलिस फरार परिवार के सदस्यों की तलाश भी कर रही है। वहीं हिरासत में लिए गए किशोरी के चाचा से पूछताछ जारी है।

Location :  Bareilly

Published :  18 August 2026, 1:21 PM IST

Related News

Advertisement