हिंदी
बिना दस्तावेज की बाइक जब्त करने के बाद बढ़ा विवाद (Source: X)
नई दिल्ली: दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक जब्त किए जाने से नाराज लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर ईंट और डंडों से हमला कर दिया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा है, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
घटना शनिवार 22 अगस्त को मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बीट स्टाफ में तैनात हेड कॉन्स्टेबल दिनेश और हेड कॉन्स्टेबल राजेश इलाके में पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस ने कथित तौर पर बिना वैध दस्तावेज वाली एक मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने में जमा करा दिया। इसके कुछ समय बाद दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग पुलिसकर्मियों की कार्रवाई का विरोध करने वहां पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, विरोध के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च का पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट और डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया।
बताया जा रहा है कि मदद के लिए मौके पर पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल टीनू पर भी हमला किया गया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ लिया गया। वहीं, अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सुनील इलाके का BC यानी Bad Character है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें NDPS एक्ट से जुड़े दो मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं।
Road Accident: झांसी-कानपुर हाईवे पर फिर दिखा हादसे का खौफनाक मंजर, खाई में पलटी बस तो मची चीख-पुकार
पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस नाबालिग से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि जब्त की गई मोटरसाइकिल वास्तव में किसके नाम पर है और उसके दस्तावेज क्यों नहीं थे। सवाल यह भी है कि बाइक जब्त किए जाने को लेकर आरोपी इतने उग्र क्यों हुए कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर ही हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
Location : New Delhi
Published : 23 August 2026, 10:15 AM IST
Topics : Breaking News Delhi Crime Delhi Police