Weather Update: सर्द हवाओं से लुढ़का पारा, जानिए दिल्ली-यूपी समेत सभी राज्यों का मौसम का ताजा हाल

दिल्ली- यूपी में मौसम का मिजाज रोज नए –नए रूप दिखा रहा है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 14 February 2025, 9:48 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मौसम नित नई अठखेलियां कर रहा है। आज शुक्रवार को सुबह तेज हवाएं चलने से थोड़ा ठंड का अहसास हुआ। हालांकि, पिछले कई दिनों से दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का भी अहसास हो रहा है। आज सुबह भी मौसम साफ रहा और जल्द ही सूरज निकल आया। 

मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच-छह दिन में ही अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस तक चला जाएगा।

बृहस्पतिवार को भी तेज सर्द हवाएं चलती रहीं। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 75 से 33 प्रतिशत रहा। 

उत्तर प्रदेश में 19 फरवरी से मौसम फिर से बदल सकता है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रह सकता है।

इस दौरान दोनों ही हिस्सों में कहीं-कहीं पर हल्का कोहरा छाया रह सकता है। इसके अलावा प्रदेश में तेज हवा चलने से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। प्रदेश में आज (14 फरवरी) मौसम साफ रहेगा। दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं। हालांकि, 15 फरवरी को प्रदेश में तेज हवा चलने की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव में, 14 से 15 फरवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश में गरज और बिजली गिरने के साथ छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के आस-पास के इलाकों में कई स्थानों पर दिन का अधिकतम तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में रात के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, जबकि बिहार और गंगीय पश्चिम बंगाल में कुछ स्थानों पर यह लगभग 1-2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उत्तर प्रदेश में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है।

Published : 
  • 14 February 2025, 9:48 AM IST