हिंदी
मथुरा: मथुरा पुलिस को रविवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब उसने एक लाख रुपये के इनामी और छैमार गिरोह के सरगना फाती उर्फ असद को मुठभेड़ में मार गिराया। यह मुठभेड़ हाईवे थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बदमाशों का एक गिरोह इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की, और इस दौरान असद से मुठभेड़ हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हाईवे क्षेत्र में घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस टीम ने बदमाशों को घेरा, उनमें से फाती उर्फ असद ने पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
असद, जो हापुड़ जिले का रहने वाला था, पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। वह लूट, डकैती, हत्या सहित कई गंभीर अपराधों में वांछित था। उसके खिलाफ हापुड़ जिले में तीन दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज थे और मथुरा में भी वह कई मामलों में वांछित था।
हाईवे थाना प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि, असद कई राज्यीय और अंतरराज्यीय लूट और डकैती के मामलों में शामिल था।
जानकारी के अनुसार, असद और उसका छैमार गिरोह मुख्य रूप से हापुड़ और आसपास के इलाकों में सक्रिय था। यह गिरोह अक्सर लूट, डकैती और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की तलाश थी और अब उनकी एक बड़ी कड़ी टूटी है।
Published : 9 March 2025, 10:16 AM IST
Topics : Chhaimar gang Chhaimar gang leader Fati Dynamite News encounter in mathura Encounter in UP Fati Asad Hapur district Mathura Police UP News