हिंदी
लंदन/नई दिल्ली: लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को लंदन में हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर सर लिंडसे हॉयल से मुलाकात की। इस मौके पर ओम बिरला ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने का उत्कृष्ट रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने कहा कि भारत एक जीवंत लोकतंत्र है, जिसमें लगभग एक अरब मतदाता हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक इस अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष ने सर लिंडसे हॉयल को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और दूसरी बार हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर चुने जाने पर उन्हें बधाई दी।
भारत और यूके के बीच संसदीय सहयोग को मजबूत करने का आह्वान करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि दोनों देशों के बीच संसदीय ज्ञान और अनुभवों के अधिकाधिक आदान-प्रदान पर जोर दिया। बिरला ने इस बात पर ज़ोर दिया कि दोनों देशों के युवा और महिला सांसदों को नियमित रूप से परस्पर संवाद करना चाहिए।
लंदन में यूके की संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर लिंडसे हॉयल के साथ बैठक के दौरान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि भारत में संविधान को अंगीकार किए जाने की 75वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान देश में परिवर्तनकारी सामाजिक-आर्थिक बदलाव का सूत्रधार रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वर्ष 2047 में आजादी के सौ वर्ष पूरे होने तक भारत विकसित देश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत में जमीनी स्तर से लेकर संसद तक लोकतंत्र सुदृढ़ है देश में नीतिगत हस्तक्षेपों के माध्यम से अर्थव्यवस्था, राज्यव्यवस्था और सामाजिक परिवेश में महिला-पुरुष असमानताओं को दूर किया जा रहा है।

संसदीय लोकतंत्र के रूप में भारत की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बिरला ने स्पष्ट रूप से कहा कि विविधताओं के बावजूद, भारत संसदीय संवाद और चर्चा के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में सफल रहा है।
भारत की संसद में डिजिटल प्रौद्योगिकी के उपयोग का उल्लेख करते हुए, लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल प्रौद्योगिकी के उपयोग से विधायकों को अपनी संसदीय जिम्मेदारियों का अधिक कुशलता से निर्वहन करने में मदद मिली है। अध्यक्ष महोदय ने बताया कि राज्य विधानमण्डल भी अपने कार्यकरण को सुचारु बनाने के लिए नई तकनीकों को अपना रहे हैं।
ओम बिरला ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संबंध ही दोनों देशों के घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों का आधार हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच आपसी सौहार्द से दोनों देशों के संबंध और अधिक मजबूत और बहुआयामी हुए हैं।
लोकसभा अध्यक्ष कहा कि लोक सभा सचिवालय की प्रशिक्षण संस्था, प्राइड विश्व स्तरीय संसदीय प्रशिक्षण प्रदान करने वाली संस्था के रूप में उभरी है। उन्होंने विधायकों के क्षमता निर्माण के माध्यम से संसदीय सहयोग को मजबूत करने पर भी चर्चा की।
Published : 8 January 2025, 8:22 PM IST
Topics : Dynamite News House of Commons Speaker India Lindsay Hoyle Lok Sabha Speaker London Manoj Tibrewal Aakash ManojTibrewalAkashJournalist Om Birla Strong Relation